ट्रंप, मैक्रों, मेलोनी, गुटेरेस, गाजा शांति वार्ता में आज मिस्र में जुटेंगे दिग्गज, कौन जाएगा भारत से?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 13 अक्टूबर 2025 (09:39 IST)
मिस्र की राजधानी काहिरा में गाजा शांति समिट का आयोजन हो रहा है, जिसमें कई वैश्विक नेता शामिल हो रहे हैं। भारत की ओर से केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में भाग ले रहे हैं, जिसका उद्देश्य गाजा में युद्ध रोकना और पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करना है।

बता दें कि मिस्र (Egypt) की राजधानी काहिरा में आज गाजा शांति समिट का आयोजन हो रहा है। इस समिट में संयुक्त राष्ट्र (UN) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों शामिल हो रहे हैं। इस शर्म अल-शेख शांति समिट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया गया था, हालांकि भारत की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी इस समिट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। इस शांति सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह कर रहे हैं।

समिट में शामिल होने के लिए कीर्ति वर्धन सिंह मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंच चुके हैं। ये समिट गाजा पट्टी में जंग रोकने और पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता लाने के लिए आयोजित की गई है। इस शांति बैठक की सह-अध्यक्षता मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प करेंगे। यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब इजरायल और हमास ने अमेरिका की मध्यस्थता वाली शांति योजना पर सहमति जताई है, जिसमें युद्ध विराम और अक्टूबर 2023 में आतंकवादी हमले के दौरान बंधक बनाए गए सभी लोगों की रिहाई की बात कही गई है।

मिस्र के राष्ट्रपति के प्रवक्ता के अनुसार शांति शिखर सम्मेलन' शर्म अल-शेख में सोमवार दोपहर को होगा। इसकी संयुक्त अध्यक्षता अब्देल फतह अल-सिसी और डोनाल्ड ट्रंप करेंगे। इसमें 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे। बयान में कहा गया है कि 'इस शिखर सम्मेलन का लक्ष्य गाजा पट्टी में युद्ध को समाप्त करना, मिडिल ईस्ट में शांति और स्थिरता स्थापित करने के प्रयासों को मजबूत करना और क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता का एक नया अध्याय खोलना है।' बयान में यह भी कहा गया है कि 'यह समिट क्षेत्र में शांति प्राप्त करने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दृष्टिकोण और दुनिया भर में संघर्षों को समाप्त करने के उनके अथक प्रयास के मद्देनजर आयोजित किया जा रहा है।'
Edited By: Navin Rangiyal 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी