BJP में शामिल 2 निर्दलीय विधायक उपचुनाव में हारे, हमीरपुर में कांग्रेस की हार

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 13 जुलाई 2024 (23:22 IST)
Two independent MLAs who joined BJP lost in the by election : हिमाचल प्रदेश के 2 निर्दलीय विधायकों को इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना महंगा पड़ा, क्योंकि वे शनिवार को विधानसभा उपचुनाव में अपनी-अपनी सीट पर कांग्रेस उम्मीदवारों से हार गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी एवं कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर ने देहरा सीट पर भाजपा के होशियार सिंह को 9,399 मतों से हराया।
 
नालागढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार केएल ठाकुर को 8,990 मतों से हराया। बावा भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस के पांच बार अध्यक्ष रहे हैं। हमीरपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के आशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पेंद्र वर्मा को 1,571 मतों के अंतर से हराया।
 
उपचुनाव के नतीजों के बाद राज्य के चुनावी इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री सुक्खू और उनकी पत्नी कमलेश ठाकुर के रूप में कोई दंपति हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सदस्य होंगे। पहली बार राज्य विधानसभा में एक भी निर्दलीय विधायक नहीं होगा। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में देहरा से होशियार सिंह, हमीरपुर से आशीष शर्मा और नालागढ़ से केएल ठाकुर तीन निर्दलीय विधायक चुने गए थे, लेकिन 27 फरवरी को राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन के लिए मतदान करने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
ALSO READ: उत्तर प्रदेश में 2027 में नहीं बन रही भाजपा की सरकार, भाजपा विधायक ने ऐसा क्यों कहा
कांग्रेस के छह बागियों ने चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के लिए ‘क्रास वोटिंग’ भी की थी और बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। निर्दलीय विधायकों ने 22 मार्च को इस्तीफा दिया था और अगले दिन भाजपा में शामिल हो गए थे। तीन जून को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विधायकों का त्याग पत्र स्वीकार कर लिया था। दस जुलाई को तीन सीट पर उपचुनाव हुआ, जिसमें 71 प्रतिशत मतदान हुआ था।
 
कांग्रेस सदस्यों की संख्या 68 सदस्‍यीय विधानसभा में 40 से घटकर 34 रह गई थी, जब उसके छह विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे। जून में लोकसभा चुनाव के साथ हुए उपचुनाव में चार सीट जीतने के बाद और शनिवार को दो और सीट जीतने के बाद, इसने 2022 में विधानसभा चुनाव में प्राप्त की गई संख्या को फिर से हासिल कर लिया है। भाजपा के अब विधानसभा में 28 सदस्य हैं।
 
देहरा विधानसभा सीट पर लगातार तीन हार के सिलसिले को तोड़ते हुए कमलेश ठाकुर ने 32,737 मत हासिल किए, जबकि भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह को 23,338 वोट मिले। नालागढ़ में कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप सिंह बावा को 34,608 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार के. एल. ठाकुर को 25,618 वोट मिले।
ALSO READ: गडकरी की भाजपा को नसीहत, फिर हमारे सत्ता में आने का कोई मतलब नहीं
उपचुनाव जीतने वाले एकमात्र भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा को हमीरपुर विधानसभा सीट पर 27,041 वोट मिले, जबकि वर्मा को 25,470 वोट मिले। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर वर्मा को 12,899 मतों के अंतर से हराया था।
 
इस बीच शिमला में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ओक ओवर में परिणामों की औपचारिक घोषणा से पहले ही पटाखे फोड़कर जश्न मनाना शुरू हो गया था। विजयी उम्मीदवारों ने मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि उनके समर्थकों ने खुशी मनाई और उनके समर्थन में नारे लगाए। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य की जनता ने ‘दलबदल की राजनीति’ को नकार दिया है और भाजपा को हरा दिया है।
 
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने एक बयान में कहा कि भाजपा ने जनादेश स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा, राज्य के लोगों के कल्याण के लिए हमारी लड़ाई सड़क से विधानसभा तक जारी रहेगी। ठाकुर ने कहा कि भाजपा उन कमियों पर गौर करेगी, जिनके कारण इन उपचुनावों में हार हुई। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी