उमा भारती का बड़ा बयान, अमेरिका से अवैध प्रवासियों को बेड़ियों में जकड़ कर भेजना क्रूर और शर्मनाक

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 15 फ़रवरी 2025 (14:41 IST)
Uma Bharti on US Deportation : अमेरिका द्वारा अवैध प्रवासियों को अमृतसर भेजने पर देश में सियासी बवाल मचा हुआ है। पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान अवैध प्रवासियों को अमृतसर भेजने पर सवाल उठा रहे हैं तो वरिष्‍ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने अवैध भारतीय प्रवासियों को क्रूर एवं बेहद शर्मनाक तरीके से वापस भेजने के लिए अमेरिका की निंदा की। ALSO READ: आज अमृतसर आएंगे 119 अवैध प्रवासी भारतीय, क्यों नाराज हुए पंजाब CM भगवंत मान?
 
भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि अमेरिका से वापस भेजे गए अवैध प्रवासी भारतीयों को जिस तरह से हथकड़ियों एवं बेड़ियों में जकड़कर वापस भेजा गया, वह बेहद शर्मनाक एवं मानवता के लिए कलंक है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकारों ने रेड इंडियंस और वहां रहने वाले अफ्रीकी मूल के लोगों के प्रति कई बार यह क्रूर और हिंसक रवैया दिखाया है। रेड इंडियन शब्द का इस्तेमाल यूरोपीय उपनिवेशवादियों द्वारा उत्तरी अमेरिका के मूल निवासियों के लिए किया जाता था।
 
भाजपा नेता ने कहा कि जब उन्हें (निर्वासित लोगों को) विमान से भेजा जा रहा था तब उन्हें हथकड़ियों और बेड़ियों में रखना अमेरिकी प्रशासन की क्रूरता और अमानवीयता को दर्शाता है। किसी देश में अवैध रूप से प्रवेश करना अपराध है, हर देश के कानून के अनुसार इसकी सजा का प्रावधान है, लेकिन ऐसी क्रूरता महा पाप है।
आज आएंगे 119 अवैध प्रवासी : अमेरिका का एक सैन्य विमान भारत के विभिन्न राज्यों के 104 अवैध प्रवासियों को लेकर 5 फरवरी को अमृतसर पहुंचा था। कुछ निर्वासितों ने दावा किया कि पूरी यात्रा के दौरान उनके हाथ-पैरों में हथकड़ी लगी रही तथा अमृतसर में उतरने के बाद ही उनकी बेड़ियां खोली गईं।
 
119 अवैध प्रवासियों को लेकर आज भी एक अमेरिकी विमान भारत आ रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत इन लोगों को भारत निर्वासित किया था। ट्रंप सरकार ने ऐसे 20 हजार भारतीयों की पहचान की है, जो वहां बिना किसी कागजात के अवैध रूप से रह रहे हैं।
 
अवैध आव्रजन के मुद्दे पर क्या बोले मोदी : मोदी ने व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान अवैध आव्रजन के मुद्दे पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि यह केवल भारत का सवाल नहीं है बल्कि एक वैश्विक मुद्दा है। हमारा मानना है कि कोई भी व्यक्ति जो दूसरे देश में अवैध तरीके से प्रवेश करता है और रहता है, उसे उस देश में रहने का कोई कानूनी अधिकार या प्राधिकार नहीं है।
 
मोदी ने कहा कि जहां तक भारत और अमेरिका की बात है, हमने हमेशा कहा है कि जो लोग सत्यापित भारतीय नागरिक हैं और जो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे हैं, भारत उन्हें वापस लेने के लिए तैयार है।
edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी