सिद्धार्थनगर में अनियंत्रित बोलेरो की खड़े ट्रक से हुई टक्कर, 8 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख

अवनीश कुमार

रविवार, 22 मई 2022 (09:44 IST)
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक अनियंत्रित बोलेरो की खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और बोलेरो में बैठे 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि बोलेरो सवार सभी बारात वापस लेकर घर लौट रहे थे। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है जहां पर घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है और घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार सिद्धार्थनगर के जोगिया कोतवाली क्षेत्र के नौगढ़ बांसी मार्ग पर स्थित कटया गांव के पास सड़क के किनारे खराब खड़े ट्रेलर में पीछे से बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में 8 बारातियों की मौत हो गई जबकि 3 गंभीर रूप घायल हो गए।
Koo App

बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार लोग बारात से घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान अनियंत्रित बोलेरो खड़ी ट्रक के अंदर घुस गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। उधर घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने व्यक्त की शोक संवेदना: घटना की जानकारी होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद  सिद्धार्थनगर में हुए सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इस दौरान उन्होंने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाए।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी