Weather Update : डल झील में जमी बर्फ, द्रास में तापमान -28.7 डिग्री सेल्सियस

रविवार, 29 दिसंबर 2019 (14:21 IST)
श्रीनगर। श्रीनगर में तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। शनिवार रात श्रीनगर का तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मशहूर डल झील के कई हिस्से बर्फ में तब्दील हो गए। केंद्र शासित क्षेत्र लद्दाख के लेह शहर में तापमान शून्य से 19 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि द्रास शहर में तापमान शून्य से 28.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 
 
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर घाटी और लद्दाख केंद्र शासित क्षेत्र में तापमान जमाव बिंदू से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे क्षेत्र में शीत लहर तेज हो गई है।
 
उन्होंने बताया कि श्रीनगर में कल रात पारा शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि इससे पिछली रात तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम था।
 
शहर में यह इस सीजन की सबसे सर्द रात थी, जिसके बाद डल झील के कई हिस्से बर्फ में तब्दील हो गए। झील के अलावा कई जलधाराओं का भी यही हाल है और कई स्थानों पर पानी आपूर्ति लाइन प्रभावित हुई है।
 
मशहूर स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं पहलगाम में तापमान शून्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी