weather update : 'लू' से मिलेगी राहत, 2 मई से दिल्ली समेत कई राज्यों में कम होगा पारा, IMD ने दिया बड़ा अपडेट

रविवार, 1 मई 2022 (17:59 IST)
नई दिल्ली। weather update : देश के उत्तरी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में गर्मी से कुछ राहत की संभावना है।  भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई इलाकों में सोमवार (2 मई) से लू से राहत मिल सकती है। IMD ने कहा है कि उत्तर-पश्चिमी इलाकों में गर्म हवा के कम होने के आसार हैं। 
 
इससे कई इलाकों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। IMD के अनुसार हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, दक्षिण यूपी, कच्छ और पूर्वी राजस्थान में लू का प्रकोप कम होगा और इस क्षेत्र में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकेगी।  राष्ट्रीय राजधानी में लू की स्थिति जारी है और रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
 
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।  
Koo App
4 मई के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है, जिसके चलते अंडमान सागर के आस-पास के इलाकों में भारी बारिश होने के आसार नजर आ रहे हैं और इस वजह से मौसम विभाग ने 4 से लेकर 6 मई के बीच मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया है। फिलहाल अगले 24 घंटों के दौरान इस प्रेशर की स्थिति और साफ होने के आसार हैं।
 
वहीं मौसम का अनुमान लगाने वाली निजी संस्था स्काईमेट के मुताबिक उत्तर भारत में अब 2 मई के बाद प्री मानसून गतिविधियां शुरू होंगी और इस बार का मानसून सीजन काफी अच्छा होगा और सामान्य से अधिक बारिश होगी, जो कि किसानों के लिए खुशखबरी है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी