कौन हैं हरियाणा के नए CM नायब सैनी, माने जाते हैं खट्टर के खास?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

मंगलवार, 12 मार्च 2024 (14:48 IST)
Haryana Political Update: हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। इस्तीफे के बाद खबर आई कि अनिल विज मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन फिर कयास लगे कि मनोहर लाल खट्टर को ही फिर से मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। हालांकि तमाम दावों के बीच अब खबर सामने आई है कि न मनोहर लाल और न ही अनिल विज, बल्कि नायब सैनी नए मुख्यमंत्री बनेंगे। जानते हैं आखिर कौन हैं नायब सैनी।

कौन हैं नायब सैनी : नायब सैनी हरियाणा में ओबीसी का चेहरा हैं। वह बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के अलावा, कुरुक्षेत्र से भाजपा सासंद भी हैं। नायब सिंह सैनी ने प्रदेश महामंत्री के संगठन में हरियाणा बीजेपी के सहयोगी के रूप में साल 1996 से लेकर 2000 तक काम किया है। नायब सैनी OBC समुदाय से संबंध रखते हैं। माना जाता है कि नायब सैनी मनोहर लाल के काफी खास हैं।

2019 में बने सांसद : साल 2002 में युवा मोर्चा बीजेपी अंबाला से जिला महामंत्री बने थे। फिर साल 2005 में युवा मोर्चा भाजपा अंबाला में जिला अध्यक्ष रहे। नायब सिंह सैनी साल 2009 में बीजेपी किसान मोर्चा हरियाणा के प्रदेश महामंत्री के पद पर रहे। इसके बाद साल 2012 में बीजेपी अंबाला से जिलाध्यक्ष बने। साल 2014 में नारायण गढ़ विधानसभा से विधायक बने। फिर साल 2016 में हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री रहे। वो साल 2019 में कुरुक्षेत्र से सांसद चुने गए थे। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने हरियाणा में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बनाया था।

मिज़ापुर माजरा में जन्‍में नायब : नायब सिंह सैनी का जन्म 25 जनवरी 1970 को अंबाला के एक छोटे से गांव मिज़ापुर माजरा में एक सैनी परिवार में हुआ था। उन्होंने मुजफ्फरपुर में बी.आर. अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय और चौ. बीए और एलएलबी की डिग्री हासिल की है। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े जिसके माध्यम से उनकी मुलाकात मनोहर लाल खट्टर से हुई और वह उनसे प्रभावित हुए। कुछ समय बाद वह भाजपा में शामिल हो गए और उसके बाद अंबाला छावनी में इसके अध्यक्ष सहित कई स्थानीय पार्टी कार्यालयों में कार्य किया।
Edited by Navin Rangiyal

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी