क्या हिमाचल में टूटेगा 37 साल का रिकॉर्ड? सर्वे में भाजपा मजबूत

शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2022 (19:44 IST)
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (Himachal Pradesh Assembly Election 2022) का शंखनाद हो चुका है। इतिहास पर नजर डालें तो पिछले 37 सालों में कोई भी पार्टी लगातार दो बार सत्ता में नहीं रही है, लेकिन इस बार अटकलें हैं कि यह रिकॉर्ड टूट जाएगा। दरअसल, एबीपी-सी वोटर के सर्वे में भाजपा की स्थिति मजबूत बताई जा रही है। इस सर्वे के मुताबिक भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में 38 से 46 सीटें मिल सकती हैं। 
 
राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 20 से 28 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। आम आदमी पार्टी को 1 सीट मिल सकती है, वहीं अन्य के खाते में अधिकतम 3 सीटें जा सकती हैं। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में चुनाव की घोषणा की गई है। यहां एक ही चरण में 12 नवंबर को चुनाव होगा, जबकि 8 दिसंबर को चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी। 
 
हवा जयराम ठाकुर के पक्ष में : इस पोल के अनुसार 38 फीसदी लोग वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कामकाज से खुश हैं। वहीं 33 फीसदी लोग इसके उलट ठाकुर के काम को खराब मानते हैं। 29 फीसदी लोगों ने उनके कामकाज को औसत बताया है। यदि औसत और अच्छे को मिला लिया जाए तो जयराम ठाकुर का पलड़ा भारी लग रहा है।
 
मुख्‍यमंत्री पद के लिए भी जयराम ठाकुर ज्यादातर लोगों की पहली पसंद हैं। 32 फीसदी लोग उन्हें फिर मुख्‍यमंत्री पद पर देखना चाहते हैं, वहीं 26 फीसदी लोगों की युवा अनुराग ठाकुर पहली पसंद हैं। 18 फीसदी लोग हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को मुख्‍यमंत्री पद पर देखना चाहते हैं।
 
जानिए क्या कहता है इतिहास : पिछले 37 सालों में राज्य की सत्ता में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस को मौका मिलता रहा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 48.79% वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को 41.68% वोट, सीपीआईएम को 1.47% और निर्दलीय को 6.34% वोट मिले थे। जहां तक सीटों का सवाल है तो भाजपा को 44 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस को 21 सीटें मिली थीं।  
Edited by: Vrijendra Singh Jhala  

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी