मशहूर यूट्यूबर कार्ल रॉक की एंट्री पर प्रतिबंध, 1 साल तक नहीं आ सकेगा भारत

शनिवार, 10 जुलाई 2021 (13:46 IST)
नई दिल्ली। मशहूर यूट्यूबर कार्ल एडवर्ड राइस उर्फ कार्ल रॉक ने भारत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भारत में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। वे एक साल तक भारत में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
 
उन्‍होंने यूट्यूब पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि भारत सरकार ने उन्‍हें ब्‍लैकलिस्‍ट कर दिया है और देश में एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया है।
 
कार्ल रॉक ने यूट्यूब पर 'मैं क्‍यों अपनी पत्‍नी को 269 दिनों से नहीं देख पाया' नाम से वीडियो डाला और इसके पीछे का कारण उन्‍होंने भारत सरकार द्वारा उन्‍हें ब्‍लैकलिस्‍ट किया जाना बताया।
 
कार्ल रॉक की पत्‍नी मनीषा मलिक भारतीय हैं। वह दिल्‍ली में रहती हैं। मनीषा ने इस संबंध में दिल्‍ली हाईकोर्ट में याचिका दायर करके इस प्रतिबंध को चुनौती दी है।
 
न्‍यूजीलैंड के कार्ल रॉक 2019 से अक्‍टूबर 2020 तक दिल्‍ली के पीतमपुरा में वीजा पर रह रहे थे। उन्होंने कहा कि मैंने दुबई और पाकिस्‍तान घूमने के लिए अक्‍टूबर 2020 को भारत छोड़ा था। भारत छोड़ने के दौरान ही उनका वीजा निरस्‍त कर दिया गया था।
 
गृह मंत्रालय के अफसरों ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि कार्ल रॉक ने वीजा नियमों का उल्‍लंघन किया है। उन्‍होंने टूरिस्‍ट वीजा पर भारत में बिजनेस किया है। इसलिए उन्‍हें एक साल के लिए ब्‍लैकलिस्‍ट किया गया है और वीजा रद्द कर दिया गया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी