आतंकी मूसा ने भारतीय मुसलमानों को बताया बेशर्म, कहा...

मंगलवार, 6 जून 2017 (09:52 IST)
कुख्यात अल कायदा आतंकी जाकिर मूसा ने एक ऑडियो मैसेज के जरिए इस्‍लामिक जिहाद का हिस्‍सा नहीं बनने के लिए भारतीय मुसलमानों को कोसा है। उसने कहा कि भारतीय मुसलमान दुनिया में सबसे बेशर्म लोग है। 
 
मैसेज के जरिए मूसा ने मुस्लिम समुदाय को भड़काने का प्रयास किया। उसने ऑडियो में बिजनोर में चलती ट्रेन में मुस्लिम महिला के साथ रेप और कथित गोरक्षकों द्वारा मुस्लिमों को पीट-पीट कर हत्या का हवाला दिया है। गजवा-ए-हिंद (भारत के खिलाफ जंग) के लिए जिहाद में शामिल नहीं होने के लिए भारतीय मुसलमानों की आलोचना की है।
 
भारतीय मुस्लिमों को बेशर्म बताते हुए मूसा ने कहा, 'हमारी बहनों को बेइज्जत किया जाता है और मुसलमान चीख-चीखकर कहता है कि कि इस्लाम शांति का मजहब है। यह बात कहने वाले मुसलमान दुनिया के सबसे बेशर्म मुसलमान हैं। उन्हें खुद को मुसलमान कहने में शर्म आनी चाहिए।'
 
उसने यह भी कहा, 'ये (भारतीय मुसलमान) सबसे 'बेगैरत कौम' है जो अन्‍याय और अत्‍याचार के खिलाफ आवाज नहीं उठा सकती। हमारे पैगंबर और उनके अनुयायियों ने क्‍या यही हमको सिखाया है? उन्‍होंने अपनी बहनों की रक्षा के लिए युद्ध में अपना खून बहाया है और कुर्बानियां दी हैं।' उसने अपने समर्थकों से जिहाद का हिस्‍सा बनने की भी अपील की।

वेबदुनिया पर पढ़ें