सिएटल की दीवार वायरस से लबालब

ND
अमेरिका के सिएटल में एक दीवार पर लोगों ने सालों तक इतना च्युइंगम चिपकाया कि अब लोग देश-दुनिया से इस दीवार को देखने के लिए आने लगे हैं। यह दीवार दुनिया के उन पर्यटन केंद्रों में दूसरे नंबर पर है, जहां सबसे ज्यादा जीवाणु-विषाणु हैं।

वाल ऑफ गम के नाम से मशहूर यह दीवार पाइक पैलेस मार्केट में एक थिएटर के बाहर स्थित है। थिएटर आने वाले लोग टिकट खरीदते वक्त कतार में इंतजार करने के दौरान टाइम पास करने के लिए दीवार पर च्युइंगम चिपकाने लगे। यह सिलसिला 1990 से ही शुरू हो गया था। बीच में कई बार दीवार साफ भी करवाई गई, लेकिन लोगों ने इस पर च्युइंगम चिपकाना छोड़ा नहीं। अब आलम यह है कि इस दीवार को देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं और तस्वीरें खिंचवा कर यहाँ की यादें अपने साथ ले जाते हैं।

ट्रिपएडवाइजर नाम की एक संस्था ने दुनिया के पाँच सर्वाधिक जीवाणु-विषाणु वाले पर्यटन केंद्रों की सूची जारी की है। इसमें वाल ऑफ गम को दूसरा स्थान मिला है।

ब्लार्ने स्ट्रोन, आयरलैंड इस सूची में सबसे ऊपर है। इस पत्थर के बारे में लोगों का मानना है कि इसे चूमने से आप वाकपटु हो जाएँगे। इसके चलते हर साल 4 लाख लोग इस पत्थर को किस करते हैं। विशेषज्ञों की इस चेतावनी के बावजूद कि पत्थर को किस करने की भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।

सूची में तीसरे नंबर पर पेरिस स्थित पेर-लैशे कब्रिस्तान में विख्यात लेखक आस्कर वाइल्ड की कब्र को रखा गया है। वाइल्ड को श्रद्धांजलि देने आने वाले लोगों ने उनकी कब्र को चूम कर लिपस्टिक से पाट दिया है।

वेनिस स्थित सेंट मार्क स्क्वायर और फोरकोर्ट ऑफ ग्रूमेंस चाइनीज थिएटर हालीवुड, कैलिफोर्निया इस सूची में क्रमशः चौथे और पाँचवे नंबर पर हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें