भगवंत मान ने पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, बोले- इंकलाब जिंदाबाद

Webdunia
बुधवार, 16 मार्च 2022 (13:30 IST)
पंजाब की राजनीति में आज से नया अध्याय शुरू हो चुका है। भगवंत मान ने पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री पद के तौर पर स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में शपथ ली। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे। लाखों की संख्या में लोग शपथग्रहण समारोह में पहुंचे। मान ने पंजाबी भाषा में पद और गोपनीयता की शपथ ली।

शपथ लेने के बाद क्या बोले भगवंत मान : शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के कोने-कोने से भगत सिंह के गांव आए लोगों का मैं तहे दिल से धन्यवाद करता हूं। दिल्ली की कैबिनेट यहां बैठी है। मुख्यमंत्री केजरीवाल, डिप्टी सीएम आए हैं। यहां पंजाब के विधायक बैठें, जिन्होंने बहुत अच्छी जीत हासिल की। यहां होने की खास वजह है। यह भगतसिंह का गांव है। आम आदमी पार्टी उनके सपनों को पूरा करने के लिए काम कर रही है। यह गांव मेरे लिए नया नहीं है। मैं यहां बहुत बार आया हूं. आप का जनता ने साथ दिया। कई जन्म लेने पड़ेंगे, जनता के इस प्यार को उतारने के लिए। मान ने कहा कि जिन लोगों ने वोट नहीं दिया, मैं उनका भी सीएम हूं, उनकी भी सरकार है। हमें कोई अहंकार नहीं करना है। जनता चाहती है, तो अर्श पर पहुंचा देती है, चाहती है तो फर्श पर पहुंचा देती है।
 
आज एक नया सवेरा : भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है. शहीद भगत सिंह और बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां में शपथ लेगा। 
<

सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है। शहीद भगत सिंह और बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां में शपथ लेगा।

शहीद भगत सिंह जी की सोच पर पहरा देने के लिए मैं उनके पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो रहा हूं।

— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) March 16, 2022 >
 
पंजाब के लिए बड़ा दिन : दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पंजाब रवाना हो गए। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नयी उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब एकत्र होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा। उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो गया हूं।’

पारंपरिक बसंती पगड़ी में पहुंचे लोग : स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के इस गांव में आप के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह से पहले महिलाओं और बुजुर्गों सहित हजारों की संख्या में लोग पारंपरिक बसंती पगड़ी और स्टोल पहनकर बुधवार सुबह एकत्र होना शुरू हो गए थे।

अखिलेश ने दी बधाई : अखिलेश यादव ने पंजाब के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान को उनके शपथ ग्रहण समारोह से पहले बुधवार को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में राज्य का विकास होगा। यादव ने ट्वीट किया कि पंजाब के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री भगवंत मान जी को शपथ समारोह के लिए अनंत बधाई एवं शुभकामनाएं। आशा है कि उनके कुशल नेतृत्व में पंजाब में तरक्की, भाईचारे और नये नजरिए की फसल खूब लहलहाएगी।