पेन एज माई सोर्ड का लोकार्पण 9 नवंबर को लखनऊ। प्रथम राष्ट्रवादी अंग्रेजी दैनिक दि नेशनल हेराल्ड के संपादक एवं स्वाधीनता सेनानी स्व. के. रामाराव के संस्मरण 'पेन एज माई सोर्ड' (कलम मेरी तलवार) के नए संस्करण का लोकार्पण रामाराव की 116वीं जयंती पर राज्यपाल बीएल जोशी द्वारा होगा।
आगामी शुक्रवार 9 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे यूपी प्रेस क्लब में लोकार्पण समारोह आयोजित होगा, जिसमें स्व. रामाराव से जुड़ी अपनी यादों को 94 वर्षीय सम्पादक इशरत अली सिद्दीकी तथा 93 वर्षीया स्वाधीनता सेनानी श्रीमती स्वरूप कुमारी बख्शी पेश करेंगी।
लोकार्पण के तुरंत बाद खुले मंच के रूप में एक परिसंवाद का भी आयोजन होगा इसका विषय है 'मीडिया के सरोकार, मीडिया से सरोकार' जिसे पूर्व मुख्यमंत्री मुलायमसिंह यादव संबोधित करेंगे।
पैरा शिक्षकों को पहुंचना होगा ड्यूटी पर रांची। झारखंड के मानव संसाधन विकास मंत्री वैद्यनाथ राम ने शुक्रवार को यहां जोर देकर कहा कि राज्य के हड़ताली सभी 84 हजार शिक्षकों को हर हाल में पांच नवंबर तक अपनी ड्यूटी पर रिपोर्ट करना है अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
500 वर्ष पुरानी प्रतिमा बरामद कोटा। राजस्थान के कोटा जिले के मोडक थाना क्षेत्र से चुराई गई भगवान विष्णु की लगभग 500 वर्ष पुरानी दुर्लभ प्रतिमा को बरामद कर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
शाह आयोग ने ओड़िशा में खदानों का दौरा किया क्योंझर (ओड़िशा)। ओड़िशा में कथित खनन घोटाले की जांच करने वाले न्यायमूर्ति एमबी शाह आयोग ने नौ खदानों का दौरा किया है। अब हम रिकार्डों की जांच करने के लिए भुवनेश्वर वापस जा रहे हैं।
डेंगू रोकने के लिए याचिका मुंबई। महाराष्ट्र में डेंगू फैलने से रोकने के लिए सुरक्षात्मक और निरोधक कदम उठाने के लिए राज्य और निकाय प्रशासन को निर्देश देने की मांग को लेकर एनजीओ ‘हेल्प मुम्बई फाउंडेशन’ ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, महाराष्ट्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग एवं बृहन्मुम्बई आयुक्त के खिलाफ बम्बई उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है।
सलमान खान मामले में आरोप मुंबई। आईपीएस अधिकारी से वकील बने वाईपी सिंह ने महाराष्ट्र सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए शुक्रवार को पुलिस पर सलमान के खिलाफ टक्कर मारकर भागने संबंधी उस मामले की सुनवाई विलंबित करने के लिए अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने के साथ ही कानून का उल्लंघन करने का आरोप लगाया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता मुख्य आरोपी हैं।
सिंह ने सुनवाई बेहद धीमी गति से होने के लिए संबंधित जांचकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराने के साथ ही उन पर अधिकारों का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया और उनके खिलाफ जांच कराने की मांग की।
कार्टूनिस्ट सैमुअल का निधन नई दिल्ली। देश में पॉकेट कार्टून के अगुआ वरिष्ठ कार्टूनिस्ट टी. सैमुअल का शुक्रवार को यहां निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। सैमुअल केरल के कोल्लम के रहने वाले थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत स्वतंत्रता से पहले लाहौर से प्रकाशित होने वाले सिविल एंड मिलिटरी गजट से की थी।
पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार जोधपुर। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के शक में गुजरात पुलिस ने शुक्रवार को एक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया। सू़त्रों ने बताया कि गुजरात पुलिस का विशेष कार्रवाई दस्ता बुधवार को शहर में पहुंचा और प्राथमिक पूछताछ के बाद नौशाद नाम के युवक को अपने साथ ले गया। पुलिस ने नौशाद के कंप्यूटर को भी जब्त कर लिया है।
शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य कार्यक्रम मुंबई। इंडियन कौंसिल फॉर कल्चरल रिलेशन और यशवंत राव चव्हाण प्रतिष्ठान मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में 23 नवंबर को सायं 6.30 बजे हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत एवं शास्त्रीय नृत्य का कार्यक्रम होगा। 'रंगस्वर' वायबी चव्हाण सेंटर, जन. जगन्नाथराव भोसले मार्ग मुंबई पर आयोजित इस कार्यक्रम में रेखा सूर्या गजल पेश करेंगी, जबकि लीसा मोहंती ओडिशी नृत्य पेश करेंगी।
स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि नई दिल्ली। इंडिया हैबीटेट सेंटर में रविवार 4 नवंबर को सायं 7 बजे स्वामी विवेकानंद को संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस अवसर पर संजय सरकार और उनके शिष्य रवीन्द्र नाथ टैगोर के भजन प्रस्तुत करेंगे। (वेबदुनिया/एजेंसी)