Gujarat: सूरत में अपार्टमेंट में 3 बहनों समेत 4 लोग मृत मिले, दम घुटने से मौत की आशंका

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 15 जून 2024 (16:15 IST)
सूरत। गुजरात के सूरत शहर के एक अपार्टमेंट में शनिवार को 58 वर्षीय एक महिला, उसकी 2 बहनें और बहनोई मृत मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आर.पी. बरोट ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या गैस से चलने वाले गीजर को चालू छोड़ने के कारण दम घुटने से मौत होने की आशंका है। मौत के वास्तविक कारणों का हालांकि अभी कारण पता नहीं चल पाया है।
 
उन्होंने बताया कि पुलिस को सुबह 9 बजे के आस-पास शवों के बारे में सूचना मिली। अधिकारी ने बताया कि फ्लैट मालिक जसुबेन बधेल, उनकी बहन शांताबेन बधेल (53), गौरीबेन मेवाड़ (55) और गौरीबेन के पति हीराभाई (60) के शव अपार्टमेंट में पाए गए। उन्होंने बताया कि पीड़ित शुक्रवार रात करीब 10 बजे सो गए थे।
 
बारोट ने कहा कि जसुबेन का बेटा सुबह करीब 8 बजे उन्हें देखने गया और उन्हें बेहोश पाते ही पुलिस को सूचना दी। पीड़ितों ने उल्टी की थी। घटनास्थल से नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी पता नहीं लगा है, लेकिन पीड़ितों की मौत दम घुटने के कारण होने की आशंका है, चूंकि वहां गैस से संचालित गीजर चल रहा था। बारोट ने कहा कि आत्महत्या की आशंका कम है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी