कश्मीर में 2 हिमस्खलनों में 3 सैनिकों समेत 8 लोगों की मौत

मंगलवार, 14 जनवरी 2020 (14:30 IST)
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन की 2 अलग-अलग घटनाओं में सेना के 3 जवानों और 5 नागरिकों की मौत हो गई। पुलिस और रक्षा सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
रक्षा सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को नियंत्रण रेखा पर माछिल सेक्टर में सेना की एक चौकी हिमस्खलन की चपेट में आ गई जिसमें 3 सैनिकों की मौत हो गई और 1 अन्य लापता है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि हिमस्खलन में 5 सैनिक फंस गए।
ALSO READ: जांबाज जवान, हिमस्खलन के बावजूद पोस्ट छोड़ने को तैयार नहीं सेना
सूत्रों ने बताया कि सेना ने बचाव अभियान चलाया और 4 सैनिकों का पता लगा लिया। उनमें से 3 को मृत घोषित कर दिया, 1 अन्य घायल है और उसका एक स्थानीय सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लापता जवान का पता लगाने की कोशिशें चल रही हैं।
 
पुलिस ने बताया कि गंदेरबल जिले में गगनगीर इलाके के एक गांव में एक अन्य हिमस्खलन हुआ जिसमें 5 नागरिकों की मौत हो गई जबकि 4 अन्यों को बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन सोमवार रात को हुआ, जब 5 नागरिक इलाके से गुजर रहे थे। पांचों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
 
बीएसएफ के जवान की मौत : कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास हिमस्खलन में सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के 1 जवान की मौत हो गई और 6 अन्य को बचा लिया गया।
ALSO READ: जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन में सेना के पोर्टर की मौत, 3 सुरक्षित निकाले गए
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार रात 8.30 बजे घाटी के नौगाम सेक्टर में हुई। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तत्काल खोज एवं बचाव अभियान चलाया गया।
 
उन्होंने कहा कि इलाके में तैनात 7 जवानों में से 6 को सुरक्षित बचा लिया गया लेकिन बर्फ में फंसे 1 कांस्टेबल को काफी कोशिशों के बावजूद बचाया नहीं जा सका।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी