बागेश्वर बाबा धीरेन्द्र शास्त्र‍ी के पोस्टर पर बिहार में कालिख पोती

बुधवार, 17 मई 2023 (13:49 IST)
पटना। बिहार में हनुमंत कथा कर रहे बागेश्वर बाबा धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के पोस्टर पर किसी व्यक्ति कालिख पोत दी और उस पर 420 और चोर भी लिख गया। कालिख पोतने की घटना बीती रात की बताई जा रही है। भाजपा के साथ ही आरजेडी और कांग्रेस ने भी पोस्टर पर कालिख पोतने की आलोचना की है।
 
जानकारी के मुताबिक राजधानी पटना के डाक बंगला चौराहे पर लगे पोस्टर पर मंगलवार रात किसी व्यक्ति ने कालिख पोत दी और चोर और 420 जैसे अभद्र शब्द भी लिख दिए। पटना में बाबा की कथा का बुधवार को आखिरी दिन है। हालांकि कथा से पहले बिहार के मंत्री और लालू यादव के बेटे तेजप्रताप यादव ने बागेश्वर बाबा को धमकी भी दी थी। 
 
इस बीच, घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति पोस्टर पर कालिख पोतता हुआ नजर आ रहा है। तेजप्रताप ने मंगलवार को भी बागेश्वर बाबा पर बिहारियों को गाली देने का आरोप लगाया था। कई अन्य राजद नेताओं ने भी बाबा के पटना दौरे का विरोध किया था। उनके बिहार पहुंचने से पहले उनके स्वागत में लगा गए पोस्टर भी फाड़े गए थे। 
 
धीरेन्द्र शास्त्री को लेकर क्या कहा था नीतीश ने? : धीरेंद्र शास्त्री के हिन्दू राष्ट्र वाले बयान पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि संविधान में सभी धर्मों के अनुयायियों को समान अधिकार दिए गए हैं। हमें गर्व है कि बिहार कई धर्मों और धर्मों के मंदिरों वाला स्थान है और यह दूर-दूर से तीर्थयात्रियों को आकर्षित करता है। 
 
नीतीश ने कहा- यह भी ध्यान में रखा जाना चाहिए कि कोई भी संविधान के मूल चरित्र में बदलाव नहीं ला सकता है। इस तरह की कवायद के लिए संसद के दोनों सदनों में दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी।
 
दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार सरकार पर बागेश्वर बाबा का दरबार आयोजित करने में सहायता प्रदान करने से इनकार करने और ऐसा करके सनातन धर्म के प्रति उदासीनता का आरोप लगाया था। गिरिराज के बयान पर नीतीश ने कहा था- कई लोग (भाजपा में) अपने आकाओं से कुछ प्रशंसा की उम्मीद में मुझे गाली देते रहते हैं, लेकिन सरकारें धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नीतियां नहीं बना सकती हैं। (भाषा/वेबदुनिया) 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी