सीबीआई ने देशमुख के सीए से जुड़े नागपुर स्थित 12 परिसरों पर मारे छापे

शनिवार, 12 फ़रवरी 2022 (16:19 IST)
नागपुर (महाराष्ट्र)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने (सीबीआई) महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में नागपुर स्थित उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) से जुड़े 12 स्थानों पर शनिवार को छापेमारी की।
 
दिल्ली और मुंबई से सीबीआई के दल शुक्रवार रात नागपुर पहुंचे और उन्होंने शनिवार सुबह छापेमारी शुरू की। अधिकारी ने कहा कि इन 12 स्थलों में देशमुख के सीए के या तो आवास हैं या उनके कार्यालय परिसर हैं।
 
मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीरसिंह ने देशमुख पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे जिसके बाद उन्होंने पिछले साल अप्रैल में राज्य के गृह मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। देशमुख को प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले साल 1 नवंबर को गिरफ्तार किया था और वे इस समय न्यायिक हिरासत में हैं। सीबीआई ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता देशमुख के खिलाफ 21 अप्रैल, 2021 को प्राथमिकी दर्ज की थी जिसके बाद निदेशालय ने उनके खिलाफ जांच शुरू की थी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी