Goa Polls : गोआ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की 8 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

गुरुवार, 16 दिसंबर 2021 (22:03 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस ने गोआ विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को अपने 8 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिगम्बर कामत और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।
 
पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार कामत को मढ़गांव विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वे इसी सीट से वर्तमान में विधायक भी हैं।
इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं एलेक्सियो लॉरेंको को करटोरिम विधानसभा क्षेत्र और सुधीर कानोलकर को मापुसा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है।
 
कांग्रेस राज्य में गोआ फॉरवर्ड पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। राज्य की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव होना है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी