असम में भाजपा सांसद के घर मिला बच्चे का शव

रविवार, 27 अगस्त 2023 (11:41 IST)
Assam news : असम के सिचलर से भाजपा सांसद राजदीप रॉय के घर में एक 10 साल के बच्चे का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएमसीएच) भेज दिया। बताया जा रहा है ‍कि लड़का भाजपा सांसद का हमनाम है। कक्षा 5 में पढ़ने वाला यह मासूम पिछले कुछ वर्षों से अपनी मां और बड़ी बहन के साथ सांसद के घर पर रह रहा था।
 
लड़के की मां सांसद राजदीप रॉय के घर पर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती हैं। अपने दो बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए, वह कुछ साल पहले उन्हें सिलचर ले आई थीं।
 
घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा सांसद राजदीप रॉय पार्टी कार्यालय से अपने घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दरवाजा अंदर से बंद था और जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो लड़का बेहोश पाया गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का है। उसके परिजनों ने भी पुलिस को बताया कि वह वीडियो गेम खेलने के लिए मोबाइल फोन नहीं मिलने के कारण अपनी मां से नाराज था।
 
भाजपा सांसद रॉय ने कहा कि उसकी मां मेरी बेटी के साथ कुछ किराने का सामान खरीदने गई और उससे पहले, लड़के ने उससे अपना मोबाइल फोन मांगा जिसे उसने देने से इनकार कर दिया। वह करीब 40 मिनट तक बाहर रहीं। जब वापस लौटीं तो पाया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
Edited by  : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी