Weather Alert : दिल्ली के कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी, फिलहाल राहत के आसार नहीं

शनिवार, 4 जून 2022 (23:58 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार को 'लू' चलने के कारण गर्मी का प्रकोप और बढ़ गया तथा फिलहाल इससे राहत की कोई संभावना नहीं दिख रही है। राष्ट्रीय राजधानी में मंगेशपुर सबसे गर्म स्थान रहा और यहां अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली के आधार स्टेशन सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार को 42.2 डिग्री सेल्सियस जबकि गुरुवार को 42 डिग्री सेल्सियस रहा था।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पीतमपुरा, नजफगढ़, जाफरपुर और रिज में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.9 डिग्री सेल्सियस, 46.5 डिग्री सेल्सियस, 46.2 डिग्री सेल्सियस, 45.7 डिग्री सेल्सियस और 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम कार्यालय ने रविवार को दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर 'लू' चलने की चेतावनी देते हुए 'यलो अलर्ट' जारी किया है।

मौसम संबंधी अलर्ट के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) चार रंग कोड का उपयोग करता है, जिसमें ग्रीन (कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), यलो (देखें और अपडेट रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई करें) शामिल हैं।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले चार से पांच दिनों में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है, लिहाजा तापमान में और वृद्धि हो सकती है।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी