फिलहाल राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कटारिया आठवीं बार विधायक हैं और अपने लंबे राजनीतिक जीवन में वे गृह, शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं।
वे 2003 से लगातार उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं। एक बार सांसद भी निर्वाचित हो चुके हैं। शिक्षा में बी.एड व विधि स्नातक हैं। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कई राज्यों के लिए नए राज्यपाल नियुक्त किए, जिनमें कटारिया भी शामिल हैं।
राज्यपाल नियुक्त किए जाने की घोषणा के बाद कटारिया ने कहा कि उन्हें पहले इसकी कोई जानकारी नहीं थी, हालांकि परसों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी बात हुई थी। कटारिया ने कहा, मुझे इसकी जानकारी नहीं थी, परसों प्रधानमंत्री जी ने फोन जरूर किया कि कैसे हैं, क्या चल रहा है, बस इतना पूछा, इससे अधिक कोई जानकारी नहीं थी।
इसके अलावा कटारिया ने कहा कि उन्होंने कभी पार्टी से कोई पद नहीं मांगा, जो जिम्मेदारी दी गई उसे निभाया है। कटारिया राज्य के उदयपुर संभाग से आते हैं और राजनीतिक जानकारों के अनुसार इस साल के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनके राज्यपाल बनने से पार्टी के राज्य संगठन को बड़ा संकेत मिला है।
पूनियां ने ट्वीट किया, गुलाबचंद कटारिया जी को असम के माननीय राज्यपाल बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उपनेता प्रतिपक्ष राठौड़ ने ट्वीट किया, राजस्थान विधानसभा में मुखरता से जनता की आवाज बुलंद करने वाले, शुचिता की राजनीति के पर्याय आदरणीय नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया को असम का राज्यपाल नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। फोटो सौजन्य : टि्वटर
Edited By : Chetan Gour (भाषा)