Maharashtra News : महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में शुक्रवार दोपहर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की बस पलट जाने से कम से कम 9 यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। घायल यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की।
पुलिस ने यह जानकारी दी। प्रारंभिक जानकारी के हवाले से एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि एमएसआरटीसी बस शिव शाही 36 यात्रियों को लेकर भंडारा से गोंदिया जिले की ओर जा रही थी, लेकिन एक अन्य वाहन से आगे निकलने की कोशिश में सदाकरजुनी तालुका के दाव्वा गांव में बस पलट गई।
एक बयान में उनके हवाले से कहा गया कि जरूरत पड़ने पर उन्हें विशेष उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया जाना चाहिए और इसका खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। निवर्तमान सरकार में उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बस दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
एक्स पर एक पोस्ट में फडणवीस ने कहा कि यदि आवश्यक हो तो घायल यात्रियों का इलाज निजी अस्पतालों में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, मैंने गोंदिया के जिलाधिकारी से भी कहा है कि अगर जरूरत पड़े तो घायलों को इलाज के लिए नागपुर ले जाने की व्यवस्था करें।
फडणवीस ने बताया कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत पहुंचाने के प्रयासों का समन्वय कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं ईश्वर से घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour