महिला ने गहरे कुएं में गिरे पति को बचाया, जानिए किस तरह बची जान...

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 5 फ़रवरी 2025 (19:51 IST)
Saved husband who fell in well : केरल के पिरावोम में एक गृहिणी ने काली मिर्च तोड़ते समय गलती से 40 फुट गहरे कुएं में सिर के बल गिरे अपने पति को साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए डूबने से बचा लिया। महिला अपनी जान जोखिम में डालकर रस्सी के सहारे कुएं में उतरी और अग्निशमन एवं बचाव कर्मियों के पहुंचने तक लगभग बेहोश हो चुके अपने पति को पकड़े रखा और डूबने से बचा लिया। कुएं की गहराई ज्यादा होने के कारण दंपति ऊपर से मुश्किल से दिख पा रहे थे। इस घटना में दंपति को कोई बड़ी चोट नहीं आई और बाद में पति को अस्पताल ले जाया गया।
 
अधिकारियों द्वारा जोड़े को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाले जाने के दृश्य बाद में टेलीविजन चैनलों ने प्रसारित किए। स्थानीय निवासी रमेशन (64) बुधवार की सुबह अपने घर के पिछले आंगन में लगे पेड़ से काली मिर्च तोड़ने के दौरान अचानक पेड़ की एक शाखा टूटने से कुएं में गिर गए थे।
ALSO READ: Jharkhand : कुएं में मिले महिला और 3 बच्‍चों के शव, पुलिस ने जताई यह आशंका
अग्निशमन विभाग के कर्मियों के अनुसार, रमेशन को पहले से ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं और गिरने के कारण वह लगभग बेहोश हो गए थे। पद्मम (56) अपने पति को कुएं में गिरता देख तुरंत ही रस्सी पकड़कर कुएं में उतर गई। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया, रस्सी को जोर से पकड़े रहने के कारण उसके हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए थे।
 
उसका एकमात्र ध्यान अपने पति को बचाने पर था। बचाव दल के आने तक करीब 15-20 मिनट तक उसने अपने पति को पकड़ कर सीने तक पानी में तैरती हालत में रखा। उन्होंने बताया कि कुएं की गहराई ज्यादा होने के कारण दंपति ऊपर से मुश्किल से दिख पा रहे थे।
ALSO READ: गुजरात में कुएं में गिरने से शेरनी की मौत, 2022 और 2023 में 238 शेरों की गई जान
अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने कहा, कर्मचारियों द्वारा उसे बाहर निकाले जाने से पहले उसने अपने पति को बचाव जाल में बैठाकर ऊपर भेजा और खुद अगली बारी में कुएं से बाहर निकली। उन्होंने आगे कहा कि महिला के साहस और सूझबूझ के कारण ही उसके पति की जान बच पाई। इस घटना में दंपति को कोई बड़ी चोट नहीं आई और बाद में पति को अस्पताल ले जाया गया। (भाषा) (सांकेतिक फोटो)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी