यादव ने अपने 69वें जन्मदिन के मौके पर यहां के 10, सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर 69 पौंड का केक काटा। इस मौके पर उनकी पत्नी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बड़े पुत्र स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव, छोटे पुत्र और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने केक खिलाकर उन्हें बधाई दी।
यादव के आवास का मुख्य मार्ग शनिवार सुबह से ही आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। बड़ी संख्या में राजद, जनता दल यूनाइटेड और कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का यादव को बधाई देने का तांता लगा हुआ है। आने वाले सभी लोगों को राजद के कार्यकर्ता केक खिलाने में लगे हुए हैं।
राजद के प्रदेश कार्यालय में युवा राजद की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। इससे पूर्व पार्टी कार्यालय से राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता 10, सर्कुलर रोड गए और यादव को जन्मदिन की बधाई दी। (वार्ता)