एमवाय में नि:शुल्क बोनमैरो ट्रांसप्लांट शुरू, सस्ती दर पर मिलेगा इलाज

रविवार, 11 मार्च 2018 (23:23 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के शासकीय महात्मा गाँधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध महाराज यशवंत राव चिकित्सालय में स्थित बोनमैरो ट्रांसप्लांट सेन्टर में उपचार आरंभ हो गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार पहली बार 3 मार्च 2018 को जूनी इंदौर के उपेन्द्र और नीमच की  कुसुम का बोनमैरो ट्रांसप्लांट नि:शुल्क किया गया है।

देश की निजी संस्थाओं में बोनमैरो ट्रांसप्लांट की लागत 15 से 25 लाख रुपए है जबकि प्रदेश के एम.वाय. हॉस्पिटल में यह नि:शुल्क किया जा रहा है। यहां एपीएल मरीजों को भी सस्ती दर पर इलाज मिलेगा।
महाराज यशवंतराव चिकित्सालाय में 5 करोड़ की लागत से स्थापित बोनमैरो ट्रांसप्लांट सेंटर में बच्चों को होने वाली बीमारियां थैलीसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, एप्लास्टिक एनीमिया का बोनमैरो ट्रांसप्लांट द्वारा उपचार किया जाएगा।

सेेंटर विश्वस्तरीय गुणवत्ता मापदंडों के अनुसार स्थापित किया गया है। सेन्टर में विश्व ख्याति प्राप्त बोनमैरो ट्रांसप्लांट विशेषज्ञों की मानद सेवाएं ली जा रही हैं। इंदौर के चिकित्सकीय, नर्सिंग और पैरामेडीकल स्टाफ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 20 जनवरी को इस सेन्टर का लोकार्पण किया था। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी