मंत्री ने भगवान राम की पदयात्रा से की राहुल की भारत जोड़ो यात्रा की तुलना, मचा बवाल

मंगलवार, 18 अक्टूबर 2022 (12:58 IST)
जयपुर। राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' को अनूठा और ऐतिहासिक करार देते हुए उसकी तुलना भगवान राम की पदयात्रा से कर दी। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने अयोध्या से श्रीलंका की पदयात्रा की थी, लेकिन राहुल गांधी तो उससे कहीं ज्यादा 'पदयात्रा' कर रहे हैं। 
 
बयान पर बवाल मच गया। भाजपा ने मीणा के इस बयान पर कांग्रेस का मजाक उड़ाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता तय कर लें कि वे किस स्तर तक चापलूसी करेंगे? मीणा ने दौसा में कहा था कि राहुल गांधी की पदयात्रा ऐतिहासिक पदयात्रा होगी। भगवान राम भी अयोध्या से श्रीलंका तक पैदल गए थे। पर राहुल गांधी तो उससे भी ज्यादा पैदल चलेंगे। कन्याकुमारी से कश्मीर तक। इतिहास है न आज तक कोई गया न जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ऐतिहासिक यात्रा देश को बदलने के लिए है। देश में जिस तरह का माहौल है उसे बदलने के लिए है।
 
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू की थी। यात्रा करीब 150 दिन में पूरी होगी जिसमें 3,500 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। लगभग 5 महीनों में होने वाली यह यात्रा 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी।
 
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा ने मंत्री के वक्तव्य की निंदा करते कहा कि कहां भगवान राम और कहां राहुल गांधी? कांग्रेस तो भगवान राम को काल्पनिक मानती थी और उनके अस्तित्व को स्वीकार ही नहीं करती थी। यह बयान निंदनीय है। कांग्रेस के नेता अपने अस्तित्व को बचाने के लिए अपने नेताओं की कितनी चापलूसी करेंगे? जनता सब देख रही है, जो आने वाले समय में हिसाब भी करेगी।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी