भारत जोड़ो यात्रा के जवाब में क्या भाजपा भी बना रही है प्लान, CM बोम्मई ने दिया जवाब

गुरुवार, 6 अक्टूबर 2022 (15:15 IST)
बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का कोई असर नहीं होगा। बोम्मई ने इन दावों को खारिज कर दिया कि भाजपा कांग्रेस की यात्रा के जवाब में अपने नेताओं की रैलियों और राज्यव्यापी दौरों की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनकी योजना बहुत पहले ही बना ली गई थी।

ALSO READ: भारत जोड़ो यात्रा में दिखा इमोशनल दृश्य, राहुल ने बांधे मां सोनिया के जूते के फीते
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इस समय कर्नाटक से गुजर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी गुरुवार को इस यात्रा में शामिल हुईं।
 
बोम्मई ने यात्रा में सोनिया, प्रियंका गांधी वाद्रा और राहुल गांधी के शामिल होने के कारण पड़ने वाले प्रभाव को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि सभी दलों के नेताओं का अपने दल के लिए काम करना स्वाभाविक बात है। सोनिया गांधी आधा किलोमीटर पदयात्रा की और उसके बाद वह चली गईं। जहां तक हमारी बात है, हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है और इससे कोई असर नहीं पड़ता।
 
उन्होंने कांग्रेस की यात्रा के जवाब में भाजपा के नेताओं की रैलियों और राज्यव्यापी यात्रा की योजना बनाए जाने संबंधी एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि इनकी योजना बहुत पहले ही बना ली गई थी।

ALSO READ: बीमार हाथी के बच्चे को देख राहुल दुखी, भारत जोड़ो यात्रा में मिला सोनिया गांधी का साथ
बोम्मई ने कहा कि जैसा कि मैंने पहले कहा था कि 6 रैली होंगी और यह उसी का हिस्सा होगा। हमने पहले ही इसकी योजना बना ली थी, लेकिन विधानसभा सत्र होने के कारण हमने दशहरे के बाद इसका आयोजन करने का फैसला किया।
Edited by : Nrapendra Gupta (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी