शाह की बैठक में बेहोश हुए पूर्व मंत्री...

शनिवार, 22 जुलाई 2017 (15:36 IST)
जयपुर। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा शनिवार को ली जा रही सांसदों की बैठके में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद सांवरलाल जाट अचानक बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
भाजपा सूत्रों के अनुसार सांवरलाल जाट का स्वास्थ्य उस समय खराब हुआ जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सांसदों की बैठक ले रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी भी मौजूद थे।
 
सूत्रों के अनुसार पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रो. जाट का अचानक रक्तचाप गिर जाने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। प्रो. जाट को सवाईमानसिंह अस्पताल में भर्ती कराए जाने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राजे मंत्रीमंडल के सदस्य राजेन्द्र राठौड़, यूनुस खान, अरूण चतुर्वेदी, समेत कई सदस्य अस्पताल पहुंच गए हैं।
 
इधर प्रो. जाट के स्वास्थ्य खराब होने के बाद पार्टी प्रदेश मुख्यालय में पूर्व निर्धारित बैठक फिलहाल खत्म हो गई है और बैठक में भाग ले रहे पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रो. जाट की स्वास्थ्य की जानकारी लेने की कोशिश में लगे हुए हैं। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें