पटना में राजग का प्रतिरोध मार्च, वॉटर केनिंग का प्रयोग

शनिवार, 11 जून 2016 (13:55 IST)
पटना। बिहार में अपराध की बढ़ती घटनाओं के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शनिवार को प्रतिरोध मार्च के दौरान पुलिस ने वॉटर केनिंग का प्रयोग किया और इसके बाद कई बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया। 
 
भाजपा के पटना के कुम्हरार के विधायक अरुण कुमार सिन्हा, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के सांसद रामचंद्र पासवान, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के विधायक सुधांशु शेखर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान से आक्रोश मार्च निकाला। 
 
मार्च के शुरू होते ही जेपी गोलम्बर के निकट पहले से मुस्तैद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। 
 
पुलिस के बल प्रयोग करते ही प्रदर्शनकारी उग्र हो गए जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वॉटर केनिंग किया। वॉटर केनिंग के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने और बैरिकेटिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें