नड्डा की मौजूदगी में नीतीश ने RJD के साथ अतीत में किए गठबंधन को बताया गलती

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 6 सितम्बर 2024 (15:54 IST)
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद (Lalu Prasad) के राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ अतीत में रहे अपने गठबंधन को गलती बताते हुए शुक्रवार को कहा कि यह चूक उनसे 2 बार हुई, लेकिन अब और नहीं होगी। जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष कुमार ने एक कार्यक्रम में यह टिप्पणी की, जहां उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ मंच साझा किया।
 
जद (यू) अध्यक्ष ने भाजपा के साथ अपने संबंधों की ओर इशारा करते हुए कहा कि हमारे संबंध 1990 के दशक से हैं। बिहार में जितना अच्छा काम हुआ है, हमारे नेतृत्व में हुआ है। नीतीश की पार्टी का नाम पहले समता पार्टी था। उन्होंने राजद का नाम लिए बिना कहा कि मुझसे पहले जो लोग सत्ता में थे, उन्होंने कुछ नहीं किया। 2 बार उनके साथ जाना मेरी गलती थी। लेकिन मैं उस गलती को दोहराना नहीं चाहता। मैं यहीं (राजग में ही) रहूंगा।

ALSO READ: नीतीश सरकार का फैसला, बिहार में महिलाओं को हर माह मिलेंगे 4,000
 
जनवरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी करने वाले बिहार के मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव के दौरान खासतौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ रैलियों में कहा था कि वह अब हमेशा भाजपा के साथ रहेंगे।
 
भाजपा इस बार के लोकसभा चुनाव के बाद निचले सदन में पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाई और सत्ता में बने रहने के लिए जद (यू) जैसे घटक दलों पर निर्भर है। भाजपा के प्रति निष्ठा की कुमार की नवीनतम घोषणा लालू प्रसाद के बेटे और उनके उत्तराधिकारी तेजस्वी यादव के साथ उनकी हालिया मुलाकात की पृष्ठभूमि में आई है। जद (यू) और राजद की गठबंधन सरकार में तेजस्वी राज्य के उपमुख्यमंत्री रहे थे।

ALSO READ: 750 करोड़ की लागत से बने बिहार खेल विश्वविद्यालय का नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन
 
तेजस्वी यादव ने सफाई दी कि वह राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के नाते एक बैठक में शामिल होने गए थे और मीडिया के एक वर्ग ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि कुमार फिर से पलटी मार सकते हैं। नीतीश कुमार पिछले एक दशक में 6 बार इस्तीफा देकर दोबारा मुख्यमंत्री बन चुके हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी