संदीप सिसोदिया को पत्रकारिता विशेष गौरव पुरस्कार

गुरुवार, 6 फ़रवरी 2020 (19:59 IST)
पुणे। महाराष्ट्र राज्य मराठी पत्रकार संघ द्वारा यहां आयोजित एक कार्यक्रम में पत्रकारिता विशेष गौरव पुरस्कार इंदौर के ऑनलाइन पोर्टल वेबदुनिया के संपादक संदीप सिसोदिया को दिया गया।
 
पुरस्कार समारोह 4 फरवरी को पुणे के अण्णा भाऊ साठे सभागृह में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर, पूर्व राज्यपाल डॉ. डीवाय पाटील और महाराष्ट्र राज्य मराठी पत्रकार संघ के संघटक संजय भोकरे उपस्थित थे।
 
समारोह में सुकृत खांडेकर (संपादक, दैनिक नवशक्ती), श्रीराम जोशी (सहसंपादक, दै पुढारी, दिल्ली), उमेश कुमावत (संपादक, टीवी 9 मराठी), बाळासाहेब बोठे (कार्यकारी संपादक, सकाळ अहमदनगर), सतीश बांदल (संपादक, क्रीडावेध) का भी सम्मान किया गया।
 
महाराष्ट्र राज्य मराठी पत्रकार संघ पुणे के अध्यक्ष किरण जोशी ने बताया कि समारोह में इस्कॉन के विश्व प्रसिद्ध स्वामी लोकनाथ महाराज को जीवन गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा सामाजिक संस्थाओं और उसने जुड़े व्यक्तियों का भी सम्मान किया गया।
 
सिसोदिया वर्तमान में देश के प्रथम और 20 सालों से पाठकों का विश्वास हासिल करने वाले ऑनलाइन वेबदुनिया पोर्टल के संपादक पद पर कार्यरत है। सिसोदिया जर्मनी, नीदरलैंड और भारत में आयोजित विविध अंतरराष्ट्रीय मीडिया समिट, फोरम और कार्यशालाओं में प्रमुख वक्ता और पैनल सदस्य के तौर पर सक्रिय रहे हैं।
 
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र राज्य मराठी पत्रकार संघ पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित पत्रकारों का सम्मान करता आ रहा है। संस्था सामाजिक कार्यों के लिए भी जीवन गौरव सम्मान प्रदान करती है। इसके पहले ईशा फाउंडेशन के सद्गुरु जग्गी वासुदेव और आर्ट ऑफ लिविंग के श्री श्री रविशंकर को भी जीवन गौरव पुरस्कार प्रदान किया गया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी