UP में बोरे में बंद महिला का नग्न शव मिलने से हड़कंप

हिमा अग्रवाल

रविवार, 12 फ़रवरी 2023 (13:30 IST)
मेरठ। खरखौदा थाना क्षेत्र में एक महिला का नग्न शव बोरे में मिलने से हड़कंप मच गया है। बोरे में शव की सूचना मिलते ही 3 थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना दे दी गई है, फिलहाल पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं आसपास के सीसीटीवी कैमरे में एक अज्ञात शख्स कंधे पर बोरा लादकर ले जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर उसकी पहचान में जुटी है। वहीं आशंका भी व्यक्त की जा रही है कि महिला के साथ कुछ अनहोनी हुई है, जिसके चलते उसको मौत के घाट उतार दिया गया है।

थाना खरखौदा के गैस गोदाम वाली गली के बाहर एक बोरा रखा हुआ दिखाई दिया। राहगीरों ने उसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोला तो दंग रह गई। बोरे में एक 30-32 साल की महिला का शव निर्वस्त्र था और उसके गले में चोट के निशान हैं, जिसको देखकर लग रहा है कि महिला के साथ मारपीट और दुष्कर्म करके उसकी हत्या की गई है।

पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई है, शव की आसानी से पहचान न हो सके, इसलिए उसको खरखौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत फेंक दिया गया है। फिलहाल पुलिस व डॉग स्क्वायड टीम शव और आरोपी की पहचान का प्रयास कर रही है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी