3 महिला नक्‍सली गिरफ्तार

बीजापुर। बीजापुर पुलिस को नक्सल विरोधी ऑपरेशन में लगातार कामयाबियां हासिल हो रही हैं। इसी अभियान के दौरान महाराष्‍ट्र और छत्तीसगढ़ की संयुक्त पुलिस ने 3 महिला नक्‍सलियों को फरसेगढ़ के जंगलों से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्‍सलियों में से दो एलओएस सदस्य और एक एलजीएस सदस्य के पद पर नेशनल पार्क एरिया में सक्रिय रही हैं।
बीजापुर के एएसपी मोहित गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को ही जहां 14 लाख के 5 नक्‍सलियों ने आत्मसमर्पण किया था, वहीं आज तीन खूंखार महिला नक्सली हमारे नक्सल विरोधी ऑपरेशन के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ी हैं।
 
एएसपी गर्ग के मुताबिक, हम महाराष्ट्र के गढ़चिरौली एएसपी, गढ़चिरौली पुलिस, सी-60 के जवान, बीजापुर के जिला बल के जवान और डीआरजी का संयुक्त पुलिसबल महाराष्ट्र के दामारांचा से होते हुए फरसेगढ से सेंड्रा के जंगलों की ओर रवाना हुए थे, जहां हमें संयुक्‍त प्रयास से यह कामयाबी हासिल हुई। 
नक्सलियों ने किया बरबसपुर खदान के उत्खनन का विरोध : कांकेर में नक्सलियों ने बरबसपुर खदान के उत्खनन का विरोध पोस्‍टर और बैनर लगाकर किया। उन्‍होंने राज्‍य सरकार पर बस्‍तर की खनिज संपदा को लूटने का भी आरोप लगाया। 
 
नक्‍सलियों ने अपने विरोध प्रदर्शन के दौरान राज्‍य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह विकास कार्यों के नाम पर बस्‍तर वासियों से छलावा कर रही है। उन्‍होंने ग्रामीणों से अपील की कि वह क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे फर्जी विकास कार्यों का विरोध करें। 

वेबदुनिया पर पढ़ें