फांसी का नाटक करना पड़ा महंगा, नाराज गर्लफ्रेंड को मनाने के चक्कर में गई युवक की जान

शनिवार, 19 मार्च 2022 (15:31 IST)
पटना। बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां नाराज गर्लफ्रेंड को मनाने के चक्कर में एक बॉयफ्रेंड की जान चली गई। इन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
 
बाद में प्रेमी ने जब मनाने की काफी कोशिश की और बात नहीं बनी तो उसने खुदकुशी करने की धमकी दी और वीडियो कॉल करके फांसी के फंदे में गर्दन डाल ली। वह प्रेमिका को जान देने की धमकी देकर डराने लगा। इसी बीच हाथ से मोबाइल छूट गया और उसे लपकने के चक्कर में फंदा कस गया और प्रेमी की मौत हो गई।
 
यह घटना बुधवार देर रात की है। मामला बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना के रूपस गांव का है। पुलिस के अनुसार मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है और  परिजन से जानकारी लेकर मामले की जांच कर रहे हैं तथा लड़की से भी पूछताछ की जा रही है। 
 
बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के बाद युवक ने दुखी होकर गर्लफ्रेंड को सुसाइड करने की धमकी दी और फांसी का फंदा गले में डाल दिया। इसके बाद गर्लफ्रेंड को वीडियो कॉल लगाया। युवक को उम्मीद थी कि गर्लफ्रेंड सुसाइड करते देखेगी तो मान जाएगी। फंदा डालने के बाद अचानक युवक के हाथ से मोबाइल छूट गया। उसे लपकने के लिए युवक टेबल से कूद गया, जिससे फांसी का फंदा गले में कस गया और उसकी मौत हो गई। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी