जनता ने मोदी को प्रधानमंत्री बनाया, खुद से नहीं बने पीएम : प्रियंका गांधी

हिमा अग्रवाल

गुरुवार, 3 मार्च 2022 (23:58 IST)
उत्तर प्रदेश के सातवें और अंतिम चरण के प्रचार के लिए कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सकलडीहा पहुंचीं। प्रियंका ने कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र सिंह मुन्ना के पक्ष में वोट मांगते हुए केंद्र सरकार और योगी पर शब्दावली के बाण छोड़ते हुए समाजवादी पार्टी को भी घेरा। उन्होंने कहा कि आप कब तक धर्म-जाति के आधार पर वोट देंगे, धर्म और जाति पर वोट करके आपको क्या मिला है?

कांग्रेस नेत्री प्रियंका ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा, मैं जनता से कह रही हूं, आप इतने सालों से धर्म-जाति के आधार पर उत्तर प्रदेश में वोट डाल रहे हैं। इससे आपको (जनता) क्या फायदा हुआ है? सिर्फ राजनीतिक दल इस तरह धर्म-जाति की बात करके अपना उल्लू सीधा करते हुए सत्ता हासिल कर लेते हैं। ये लोग सत्ता में रहकर जान गए हैं कि वह 5 साल बाद फिर धर्म-जाति की बात करेंगे और सत्ता की कुर्सी पा लेंगे।

इसलिए 5 सालों में काम करने की क्या जरूरत है, जब कोई काम के बारे में पूछ ही नहीं रहा है। उनको फिर पास मिल जाएगा धर्म और जाति का तो फिर वह संघर्ष क्यों करेंगे, जनता के साथ काम क्यों करेंगे, महंगाई कम क्यों करेंगे, बेरोजगारी कम क्यों करेंगे, जब इन नेताओं पर कोई फर्क नहीं पड़ता, इसलिए मैं जनता को समझाती हूं।

प्रियंका गांधी ने कहा, मोदी जी से भी सवाल पूछने की हिम्मत होनी चाहिए। मोदी जी को पीएम जनता ने बनाया है, वे पीएम खुद नहीं बने हैं। इसलिए ये उनकी सत्ता थोड़ी है, जनता की सत्ता है, यह लोकतंत्र है, तो हिम्मत होनी चाहिए। वहीं प्रियंका गांधी ने कहा, कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ रही है। 400 सीटों पर बहुत समय बाद लड़ रही है। उन्होंने कहा कि बहुत गर्व है अपने कार्यकर्ताओं, नेताओं और सब प्रत्याशियों पर, क्योंकि वह जमकर लड़ रहे हैं।

पोस्ट पोल अलायंस के सवाल पर मुस्कराते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, वह पोस्ट पोल के बाद की बात है। अभी बात करने से क्या होगा। यूक्रेन मामले पर अपना रिएक्शन देते हुए प्रियंका गांधी बोलीं कि सरकार को ठीक तरीके से योजना बनानी चाहिए थी, लेकिन अब जो भी हैं, हम सब एक हैं, देश एक है। छात्रों और वहां फंसे जितने भी हिंदुस्तानी हैं, उन्हें भारत लाने के लिए प्रयास होना चाहिए।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी