गोंडा के तेजाब हमले का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

बुधवार, 14 अक्टूबर 2020 (12:50 IST)
गोंडा। उत्तरप्रदेश में गोंडा जिले के परसपुर क्षेत्र में 3 बहनों पर तेजाब फेंकने वाला आरोपी युवक पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
 
अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार ने बुधवार को यहां यह जानकारी देते बताया कि मंगलवार देर शाम सूचना मिली थी कि परसपुर गांव में तेजाब की घटना का आरोपी युवक आशीष कुमार उर्फ छोटू बाइक पर कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए तलाश शुरु कर दी।
 
उन्होंने बताया कि आरोपी को कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया लेकिन तभी बाइक फिसलकर गिर गई। उसी बीच आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी फायरिंग में आशीष गोली लगने से घायल हो गया जिसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से असलहा बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
 
गौरतलब है कि गोंडा जिले के परसपुर क्षेत्र में मंगलवार तड़के पक्का गांव की रहने वाली 3 बहनों- खुशबू (17), कोमल (12) और आंचल (8) पर सोते समय एक आरोपी आशीष ने तेजाब फेंक दिया था। घटना में बड़ी बहन गंभीर रूप से झुलस गई जबकि उनकी 2 छोटी बहनों पर भी उसके छींटें पड़े थे। तीनों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी