Jama Masjid Agra News: अमन-चैन के दुश्मनों ने मोहब्बत की नगरी में आज शुक्रवार को दहशत पैदा कर दी। शहर की शाही जामा मस्जिद में एक जानवर का शव रख दिया गया। आज सुबह फजर की नमाज से पहले जिम्मेदार लोग शाही जामा मस्जिद पहुंचे तो वे हैरान रह गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने जानवर के सिर को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
आज जुमा है। जुमे की नमाज से पहले शाही जामा मस्जिद के अंदर जानवर का सिर रखकर वैमनस्य फलाने का काम किया गया है। लेकिन जिस भी व्यक्ति ने शहर के वातावरण दूषित करने के लिए यह कृत्य किया है, वह मस्जिद के अंदर लगी तीसरी आंख यानी सीसीटीवी में कैद हो चुका है।
प्रशासन ने शांति व्यवस्था कायम करने के लिए मुस्लिम धर्मगुरुओं से बातचीत की है, वहीं मस्जिद प्रशासन की तरफ से भी मुस्लिम समाज से अपील की गई है कि वह शांति बनाए रखे। पुलिस महकमे और कानून पर पूरा भरोसा है। सीसीटीवी में आरोपी कैद हो गया है। पुलिस उसकी पहचान करके जल्दी ही गिरफ्तार कर लेगी। जुमे की नमाज अपने समय पर होगी, कोई किसी भी बहकावे या अफवाह पर ध्यान न दें। वहीं शाही जामा मस्जिद परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।