योगी सरकार से क्यों नाराज हैं भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर, क्या है राम कलश यात्रा से कनेक्शन?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
शनिवार, 22 मार्च 2025 (08:16 IST)
Uttar Pradesh news in hindi : उत्तर प्रदेश की लोनी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने आरोप लगाया कि अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुमराह कर सरकारी खजाने को लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव ने तंत्र-मंत्र कर महाराज जी (योगी आदित्यनाथ) का दिमाग बांध दिया है। मुख्य सचिव दुनिया के सबसे भ्रष्ट अधिकारी हैं।
 
नंद किशोर गुर्जर ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने अयोध्या में जमीनें लूटी हैं। फटे कुर्ते में संवाददाताओं के सामने आए भाजपा विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके कपड़े फाड़े हैं।
 
योगी सरकार से क्यों नाराज हैं भाजपा विधायक : लोनी में राम कलश यात्रा को रोके जाने से नंद किशोर गुर्जर खासे नाराज नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरुवार को लोनी की महिलाएं राम कलश यात्रा निकाल रही थीं लेकिन पुलिस ने यात्रा को रोकने की कोशिश की, जिससे हालात बिगड़ गये।
 
अपर पुलिस आयुक्त (अंकुर विहार) अजय कुमार सिंह ने बताया कि विधायक और उनके समर्थक बिना किसी अनुमति के यात्रा निकालने की कोशिश कर रहे थे।
 
वहीं दूसरी ओर विधायक ने दावा किया कि लोनी के उपजिलाधिकारी की अनुमति के लिए आवेदन दिया गया था। गुर्जर ने कहा कि राम कलश यात्रा पारंपरिक है और इस वर्ष से पहले कभी भी आयोजकों ने इसकी अनुमति नहीं ली।
 
 
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा विधायक गुर्जर के बयानों पर कटाक्ष करते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला। यादव ने ‘एक्स’ पर भाजपा विधायक के दावों के बारे में एक अखबर की खबर साझा करते हुए कहा कि भाजपा के राज में भाजपाई ही खोल रहे राज। कैसे हर तरफ फैला है अन्याय और भ्रष्टाचार। अब क्या इनकी रिपोर्ट भी बदलवाएंगे।
edited by : Nrapendra Gupta 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख