वो महिलाएं जो प्‍यार के लिए कर गईं अपने देश की ‘सीमा’ पार

गुरुवार, 14 दिसंबर 2023 (18:23 IST)
Year Ender 2023: प्‍यार की कोई सरहद या सीमा नहीं होती। वो अपने प्रेमी को पाने के लिए कई बार किसी भी सीमा को पार कर जाता है, यहां तक कि दो देशों की सीमा भी उसके लिए कोई मुश्‍किल काम नहीं। बात कर रहे हैं ऐसी ही पांच महिलाओं की जिन्‍होंने प्‍यार देशों की हदें पार कर दीं और वो अपने प्रेमी से मिलने कहां से कहां चली आईं। इन सभी महिलाओं ने प्‍यार में अपने-अपने देशों की सीमाएं पार कर डाली।

सीमा हैदर : सीमा हैदर का नाम हाल के दिनों में सबसे ज्यादा चर्चा में है, पाकिस्तान की एक 27 वर्षीय महिला को 21 वर्षीय भारतीय लड़के सचिन मीणा से ऑनलाइन गेम PUBG खेलते हुए प्यार हो गया। सीमा, जो 7 साल से कम उम्र के चार बच्चों की मां है, वह अपना प्यार का सपना पूरा करने के लिए पाकिस्तान की सरहद पार कर भारत आ गई। सीमा ने भारत आने के लिए पाकिस्तान में अपना घर बेच दिया। बाद में सीमा पर जासूसी के आरोप लगे और जांच भी हुई लेकिन अब तक कोई खुलासा नहीं हो सका।

अंजू : भारत के राजस्‍थान की रहने वाली अंजू अपने प्रेमी नसरुल्लाह से मिलने पाकिस्तान चली गई। शादीशुदा होने के बावजूद दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तानी प्रेमी से अंजू ने निकाह कर लिया है। हालांकि अब 4 महीने बाद अंजू हिंदुस्तान लौट आई हैं। अंजू को पहले आईबी और फिर पंजाब पुलिस अपने साथ लेकर गई और उनसे लंबी पूछताछ की गई। यहां वे अपने पिता के घर ग्‍वालियर चली गई। हालांकि यह सामने नहीं आ सका है कि वो कब तक भारत में रहेंगी, वापस पाकिस्‍तान जाएगी या नहीं।

जावरिया खानम : जावरिया पाकिस्तान के कराची शहर की रहने वाली हैं। जल्द ही उनकी शादी कोलकाता के समीर खान से होने जा रही है। समीर ने खानम से मिलने को अपना सपना पूरा होना बताया है। बता दें कि दोनों की सगाई हो गई। खानम, 45 दिन के लिए भारत आई हैं, जहां ढ़ोल नगाड़ों से उनका स्वागत किया गया। उन्होंने अटारी सीमा से भारत में एंट्री ली।

बारबरा पोलाक : पोलिश महिला बारबरा पोलाक जो 8 साल की बेटी की मां है, झारखंड के हजारीबाग के खुटरा गांव में अपने प्रेमी से मिलने के लिए पोलैंड से भारत आईं। तलाकशुदा महिला अपने सोशल मीडिया दोस्त शादाब से शादी करने जा रही है। बता दें कि शादाब एक एक्टर हैं। शादी करने के लिए 2027 तक वैलिड टूरिस्ट वीजा के साथ भारत आई थी। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया पर हुई, जहां उनकी दोस्ती परवान चढ़ी और प्‍यार हो गया। अब शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।

कृष्णा मंडल : प्‍यार में सीमा पार करने का एक और मामला है। कृष्णा मंडल नाम की बांग्लादेशी महिला अपने प्रेमी अभिक मंडल से मिलने के लिए पूरे बांग्लादेश में तैरकर पहुंची। कृष्णा, अभिक मंडल से शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके पास पासपोर्ट नहीं था। कृष्णा और अभिक ने कोलकाता के कालीघाट मंदिर में शादी की। बाद में कृष्णा को भारतीय एजेंसियों के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में बांग्लादेश हाई कमिशन को सौंप दिया गया।

चंदा खान : भारत और पाकिस्तान के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस में सवार होकर पाकिस्तान की चंदा खान उर्फ फौजिया ने अटारी सीमा पार की। चंदा खान ने दावा किया था कि वह भारत में बॉलीवुड अभिनेताओं, सलमान खान और शाहरुख खान से मिलने के लिए आई। हालांकि वैलिड डॉक्यूमेंट न होने की वजह से उसे जालंधर में पकड़ लिया गया जिसे सजा पूरी करने के बाद रिहा कर दिया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी