सोनू सूद ही नहीं, ये सितारे भी कोरोना काल में मदद में हैं आगे

बुधवार, 5 मई 2021 (13:49 IST)
कोरोना की मार भारत बुरी तरह झेल रहा है। करोड़ों लोग परेशान हैं। किसी ने अपने नजदीकी को खोया है तो ‍किसी ने दोस्त को। अस्पतालों में बैड पाने के लिए लंबी लाइन लगी है। सिफारिश चल रही है। प्राणवायु के अभाव में लोग असमय दम तोड़ रहे हैं। लाखों लोग बेरोजगार हो गए हैं और उन्हें कोरोना से ज्यादा भूख का डर सता रहा है। कई व्यवसाय चौपट हो चुके हैं। दुकानों पर ताले लग गए हैं। इन मुशिकल हालातों का सामना हम एक-दूसरे का हाथ थाम कर ही कर सकते हैं। सरकारें अपना काम कर ही रही है, लेकिन उनके हाथ भी छोटे पड़ रहे हैं। ऐसे में कुछ लोग अपना दायित्व समझ कर सहायता के लिए आगे आए हैं। इनमें बॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ भी शामिल हैं। एक साल से ज्यादा समय से वे लोगों की अपने स्तर पर मदद कर रहे हैं।


 
सोनू सूद: लोगों की मदद के मामले में बॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ का नाम सबसे ऊपर है। रील लाइफ में खलनायकी दिखाने यह बंदा रीयल लाइफ में तमाम हीरो से आगे निकल गया। लोगों की मदद के मामले में सोनू ने अपना सब कुछ लूटा दिया। महानगर से लेकर तो दूर गांव में बैठे शख्स की मदद करने की कोशिश ने सोनू ने की। किसी को विदेश से भारत लाने का काम किया तो किसी को अस्पताल में बैड दिलवाया। इतने किस्से हैं सोनू के एक ‍किताब लिखी जा सकती है। अभी भी सेवा का दौर जारी है। सोनू न रूके हैं न थके हैं। सोने का ‍दिल है सोनू का। 

जैकलीन फर्नांडिस : जैकलीन ने YOLO नाम की एक फाउंडेशन की स्थापना की है। मई महीने में वे एनजीओ से मिलकर एक लाख लोगों तक खाना पहुंचाएंगी। 

दीपिका पादुकोण : दीपिका पादुकोण को लोगों की मेंटल हैल्थ की चिंता है। उनका मानना है कि कोरोना से लड़ते हुए लोगों की मानसिकता पर बुरा असर हुआ है। नकारात्मकता हावी हो गई है। इसलिए दीपिका ने मेंटल हेल्थ केयर के लिए फोन नंबर और ईमेल आईडी भी शेयर किए हैं।

वरुण धवन : जूनियर धवन ने कहा कि याद रखिएगा कि कोरोना काल में हमने जमीन, पैसे, घर, टिकट के लिए लड़ाई नहीं लड़ी है, बल्कि हवा के लिए लड़ी है। वरुण धवन विदेशों से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मंगाकर अस्पतालों में दान करेंगे। साथ ही उन्होंने अपने फैंस भी इसी तरह की अपील की है। 

फरहान अख्तर : एक्सल एंटरटेनमेंट के मालिक फरहान ने एनजीओ को पैसा दिया जो  ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ क्वारंटीन मरीजों के लिए भोजन और वायरस से लड़ रहे लोगों को दवा मुहैया करवाते हैं। फरहान अख्तर ने अपने सोशल मीडिया पर एनजीओ की एक संक्षिप्त सूची साझा है जहां एक्सेल एंटरटेनमेंट ने डोनेट किया है।

सोनू निगम : सोनू निगम कोविड-19 मरीजों के लिए मोबाइल ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रदान करने को कोशिश में जुटे हुए हैं। इसी के चलते सोनू निगम ने दो हजार इक्कीस पोर्टेबल ऑक्सीजन कैनिस्टर की खरीद की है। जिन्हें अस्पताल में बेड या ऑक्सीजन कॉन्सेंटेटर उपलब्ध नहीं होने पर गंभीर रोगी को ऑक्सीजन की आपूर्ति करने इस्तेमाल किया जाएगा। ये ऑक्सीजन कैनिस्टर पूरे मुंबई शहर की एंबुलेंस में लगाए जाएंगे। जिससे मरीजों की आपातकालीन ऑक्सीजन की जरूरत पूरी होगी। सोनू निगम का कहना है कि हम सभी को महामारी के समय में एक-दूसरे को खड़ा होने और समर्थन करने की आवश्यकता है। यह एक असाधारण चुनौती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक जो यह कर सकता है उसे इन असाधारण प्रयासों और प्रतिबद्धताओं में शामिल होने की आवश्यकता है।

जॉन अब्राहम : जॉन ने सोशल मीडिया पर लिखा, हमारा देश इस वक्त बहुत बड़ी मुसीबत से लड़ रहा है। हर एक गुजरते मिनट के साथ कई ऐसे लोग हैं जिन्हें ऑक्सीजन, आईसीयू बेड, वैक्सीन और खाने की जरूरत है। हालांकि इस मुश्किल घड़ी में हम सभी एक-दूसरे को सपोर्ट कर रहे हैं। मैं अपने सारे सोशल मीडिया अकाउंट्स हमारी सहयोगी एनजीओ के हवाले कर रहा हूं। मेरे अकाउंट से सिर्फ वही कंटेंट पोस्ट होगा जिससे जरूरतमंद लोगों की मदद होगी। यह इस मुश्किल से उबरने के लिए हमारी मानवता के प्रसार करने का दौर है। 

उर्वशी रौटेला : उर्वशी ने कोरोनावायरस की मार झेल रहे उत्तराखंड के लोगों के लिए 27 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स दिए हैं। उर्वशी ने इस सभी ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स को अपनी संस्था उर्वशी रौटेला फाउंडेशन के जरिए दान किए हैं।

सुनील शेट्टी : सुनील शेट्टी कोरोनावायरस से पीड़ित मरीजों को मुफ्त में ऑक्सीुजन कंसंट्रेटर मुहैया करवाने की मुहिम में जुड़ गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर परेशान लोगों की मदद करने का ऐलान किया है। इतना ही नहीं सुनील शेट्टी ने अपने फैंस और अन्य लोगों से भी कोरोना से पीड़ित लोगों की मदद करने की अपील की है।

अजय देवगन : अजय देवगन ने बॉलीवुड के अपने सहयोगियों की मदद से बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को एक करोड़ की राशि डोनेट की है। इसकी मदद से 20 कोविड बेड्स बनाने को मदद मिलेगी है। ये मुंबई के शिवाजी पार्क के एरिया में बनाए जाएंगे। इन कोविड बेड्स आईसीयू में पैरा-मॉनिटर, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन समेत तमाम जरूरी सेवाओं उपलब्ध होंगी। इन आईसीयू को पी डी हिंदुजा अस्पताल, बीएमसी, बॉलीवुड के आपसी सहयोग से बनाया जाएगा।

अक्षय कुमार: अक्षय लगातार मदद कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व किक्रेटर गौतम गंभीर की संस्था GGF को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की थी। लंदन की एक फाउंडेशन की मदद से ट्विंकल और अक्षय 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स मुहैया कराने में सफल रहे हैं।

सलमान खान : सलमान खान लगातार फ्रंटलाइन वर्कर्स को फूड पैकेट्स वितरित कर रहे हैं। उन्होंने बॉलीवुड के कई जूनियर कलाकारों की भी मदद की।

रितिक रोशन: रितिक रोशन ने जूनियर कलाकारों को राशन वितरित किया। फूड पैकेट्स वितरित किए। 
शाहरुख खान : शाहरुख खान ने अस्पतालों को पैसा ‍दिया ताकि वे बेहतर तरीके से इलाज कर सके। पीपीई किट्स भी वितरित की। 

सनी देओल: एक्टर और नेता सनी देओल ने सरकार के राहत कार्य के लिए 50 लाख रुपये ‍दिए। 
 
कुछ कलाकार गुपचुप अपना काम कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर नहीं डाल रहे हैं। इनमें अभिषेक बच्चन भी शामिल हैं जिन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक यूजर को जवाब दिया कि यदि मैं सोशल मीडिया पर कुछ डाल नहीं रहा हूं तो इसका मतलब ये नहीं है कि मैं कुछ कर नहीं रहा हूं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी