17 फरवरी को तीन नई फिल्में रिलीज हुईं। द गाजी अटैक, रनिंग शादी और इरादा अलग-अलग तरह की फिल्में थीं। लगा कि इनमें से कोई एक दर्शकों को आकर्षित कर सकती है, लेकिन तीनों फिल्में ही असफल रहीं और सिनेमाघर सूने हो गए।
सबसे ज्यादा उम्मीद द गाजी अटैक से थी। यह अलग तरह की फिल्म है। बड़े पैमाने पर इसे बनाया गया। सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर वालों को इस फिल्म पर ही भरोसा था। इसलिए कई सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में यह फिल्म लगी। पहले दिन का कलेक्शन मात्र 1.60 करोड़ रुपये रहा। माउथ पब्लिसिटी भी असर नहीं दिखा पाई और द गाजी अटैक फ्लॉप रही। हालत यह है कि सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर के खर्चे भी नहीं निकल पा रहे हैं। किसी तरह इस फिल्म को चलाना उनकी मजबूरी है।
रनिंग शादी मल्टीप्लेक्स ऑडियंस को ध्यान में रख कर बनाई गई थी, लेकिन फिल्म बुरी तरह असफल रही। कई सिनेमाघरों से शो कैंसल करने की भी खबर आईं। कारण था दर्शकों का अभाव। मल्टीप्लेक्स में इस फिल्म के शो तुरंत ही कम कर दिए गए।