जैकलीन के समर्थन में सलमान खान का एक-दो-तीन

जैकलीन फर्नांडीज को सलमान खान बेहद पसंद करते हैं। 'किक' में दोनों साथ काम कर चुके हैं और आगामी फिल्म 'रेस 3' में भी दोनों साथ नजर आएंगे। 
 
इन दिनों जैकलीन पर फिल्माए गए गाने 'एक दो तीन' की चारों ओर से आलोचनाएं हो रही हैं। इन आलोचनाओं से जैकलीन भी बच नहीं पा रही हैं। यह फिल्म 'बागी 2' का गाना है। 
 
दरअसल ये गाना फिल्म 'तेजाब' के हिट गीत का रिमेक है। मूल गाना माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था और इसे कल्ट सांग माना जाता है। 


 
जैकलीन पर फिल्माए गए गीत का टीज़र जब से जारी हुआ है सोशल मीडिया पर आलोचनाओं की बाढ़ आ गई है। गाने के साथ-साथ जैकलीन की भी बुराई हो रही है। 
 
तेजाब के निर्देशक एन. चन्द्रा और मूल गीत की कोरियोग्राफर सरोज खान तो 'बागी 2' के मेकर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी सोच रहे हैं। दोनों के अनुसार उनके गीत का मजाक बना दिया गया है। 
 
आलोचनाओं की आंधी के बीच जैकलीन के लिए सलमान ढाल बन कर खड़े हो गए हैं। सलमान ने अपनी दोस्त जैकलीन के समर्थन में ट्वीट किया है। 


 
सलमान के मुताबिक उन्हें गाना पसंद आया है और जैकलीन ने इस गाने के साथ पूरा न्याय किया है। सलमान ने इस तरह से जैकलीन को आलोचना से बचाने की कोशिश की है। यहां यह बात भी नहीं भूलना चाहिए कि 'बागी 2' के निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं जो कि सलमान के अभिन्न मित्र हैं। 


 
बागी 2 के हीरो टाइगर श्रॉफ का कहना है कि जब भी आप रिमेक करते हैं तो प्रतिक्रियाएं मिश्रित होती हैं। हमने तो माधुरी मैडम को आदरांजलि दी है। जैकलीन ने इस गाने के लिए कड़ी मेहनत की है और गणेश आचार्य ने इसे बेहतरीन कोरियोग्राफ किया है। 


 
ये भी खबर है कि जैकलीन ने माधुरी दीक्षित से इस गाने पर प्रतिक्रिया चाही है, लेकिन माधुरी दीक्षित ने कोई जवाब अब तक नहीं दिया है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी