मां मधु चोपड़ा ने बताया, आखिर क्यों नहीं छपवाए प्रियंका की शादी के कार्ड

बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने 1 दिसंबर को क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी करने के बाद 2 दिसंबर को भारतीय को भारतीय रीति-रिवाज से भी शादी कर ली हैं। प्रियंका-निक की शादी को बेहद गोपनीय रखा गया है। इस शादी में सिर्फ 80 मेहमानों को न्योता मिला। 
 
हाल ही में प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा ने बताया कि शादी के कार्ड प्रिंट नहीं कराए गए थे, क्योंकि इसकी जरूरत महसूस नहीं हुई थी। इसलिए प्रियंका की शादी के कार्ड किसी को भी नहीं दिए गए। कुछ सिलेक्टेड गेस्ट्स को फोन पर ही इनवाइट किया गया।
 
मधु चोपड़ा का यह बयान तब आया जब शादी का न्योता उनके होमटाउन बरेली के रहने वाले लोगों को भी नहीं मिला। इसके बावजूद बरेली के लोग प्रियंका के घर को झिलमिल रोशनी से सजाकर और मिठाइयां बांट कर उनकी शादी का जश्न मना रहे हैं। 
 
प्रियंका के बरेली के पुराने घर की देखभाल करने वाले पंडित परमेश्वर राय पांडे ने बताया कि ‘बिटिया‘ की शादी की खुशी है। उन्होंने बताया कि लोगों ने घर पर रोशनी की झालरें लगाईं, आतिशबाजी की और डीजे की धुन पर थिरके। शहर में तमाम जगह प्रियंका-निक के पोस्टर भी लगाए गए हैं।
 
वहीं, मधु चोपड़ा ने कहा कि हमें बरेली के लोग बधाइयां भेज रहे हैं। व्यस्त होने के कारण मैं उनका शुक्रिया अदा नहीं कर पा रही हूं। समय मिलते ही मैं उनसे संपर्क करूंगी।
 
खबरों के अनुसार निक-प्रियंका जोधपुर में शादी करने के बाद मुंबई और दिल्ली में रिसेप्शन पार्टी का आयोजन करेंगे। दिल्ली की पार्टी में पीएम नरेंद्र मोदी के आने की संभावनाएं हैं, तो वहीं मुंबई के रिसेप्शन में बॉलीवुड सितारों का जमावाड़ा लगेगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी