सना खान का नाम इस समय इसलिए चर्चा में हैं क्योंकि उन पर आरोप है कि उन्होंने एक पन्द्रह वर्षीय लड़की का अपहरण करने की कोशिश की। पुलिस में मामला दर्ज है और सना की तलाश जारी है। बिग बॉस में सना प्रतिभागी रह चुकी हैं और इसी वजह से सलमान खान ने उन्हें अपनी फिल्म मेंटल में एक महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी है।
सना को लेकर सलमान ने ट्विटर के जरिये अपना मत प्रकट किया है। उन्होंने कई ट्वीट किए। पहले तो वे सना को लेकर छपी खबरों से नाराज दिखाई दिए। उन्होंने ट्वीट किया- पहले सना को प्रसिद्ध होने दीजिए, फिर उससे पब्लिसिटी पाने की कोशिश कीजिए। यही तो प्रॉब्लम है कि कुछ भी छापो, गलत हो तो भी।
सलमान पूछते हैं - एक लड़की किडनैप क्यों करेगी? क्या शादी करने के लिए। वो भी दोपहर के चार बजे, भीड़ भरे इलाके से। कमाल है यार।‘
सलमान का एक और ट्वीट है- वह डर गई है और इसीलिए छिप गई है। उनके पास अरेस्ट वारंट है। 5 धाराएं लगाई हैं। जेल कोई बिग बॉस का घर नहीं है।
सलमान उन लोगों से नाराज हैं जिन्होंने सना खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वे कहते हैं कि आप लोगों ने तीन महीने तक रोजाना सना खान को बिग बॉस में देखा है। क्या वह ऐसी लड़की है।