हरमनप्रीत की हैट्रिक से जीता भारत, वेल्स को 4-1 से हराया

Webdunia
गुरुवार, 4 अगस्त 2022 (20:51 IST)
बर्मिंघम:भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हरमनप्रीत सिंह के तीन गोल की बदौलत राष्ट्रमंडल खेल 2022 में गुरुवार को वेल्स को 4-1 से मात दी।

भारत के आखिरी पूल-बी मैच में उपकप्तान हरमनप्रीत (18', 20', 41') ने तीन गोल किये, जबकि गुरजंत (49') ने एक गोल का योगदान दिया। वेल्स का एकलौता गोल गैरेथ फर्लान्ग (55') ने किया।

भारत मैच की शुरुआत से ही विपक्षी वेल्स पर हावी रहा, हालांकि पहले क्वार्टर में किसी भी तरफ से गोल नहीं हुआ। दूसरे क्वार्टर में पहुंचते ही भारत ने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया।

हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर-2 के तीसरे मिनट में विपक्षी गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को नेट तक पहुंचाया, और फिर दो मिनट बाद ही गोलकीपर की बाईं ओर गोल किया। इस गोल के साथ वह राष्ट्रमंडल खेल 2022 में आठ गोल के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गये।

मैच के तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत पेनल्टी कॉर्नर में चूके, हालांकि 41वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को सफल बनाते हुए उन्होंने मैच में गोल की हैट्रिक पूरी की।

गुरजंत की हॉकी का एकलौता गोल 49वें मिनट में आया जब उन्होंने शमशेर के पास को दिशा दिखाते हुए नेट तक पहुंचाया। इस गोल को पहले खारिज किया गया था लेकिन भारत के वीडियो रेफरल के बाद इसे वैध करार दिया गया।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख