एक्सिस माय इंडिया के प्रदीप गुप्ता ने समाचार चैनल सीएनएन न्यूज 18 से बातचीत में दावा किया कि नई दिल्ली और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा सबसे लोकप्रिय पार्टी बनकर उभर रही है। अगर मतगणना में यह बात सच हुई तो दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुनाव हार जाएंगे। इसी तरह पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर भी हार का खतरा मंडरा रहा है।
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में केजरीवाल का मुकाबला भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से है। एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल इशारा कर रहे हैं कि यह विधानसभा क्षेत्र 2013 वाली कहानी एक बार फिर दोहरा सकता है। उस चुनाव में अरविंद केजरीवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।