ऐसा ही कुछ नजारा लखनऊ में देखने को मिला जब कन्नौज में आयोजित किसान यात्रा में शामिल होने जा रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और अन्य विधायकों एवं नेताओं को देर रात से ही नजरबंद कर दिया गया था, लेकिन पुलिस को चकमा देते हुए अखिलेश यादव के साथ-साथ अन्य विधायक सड़क पर निकल कन्नौज के लिए रवाना हो चले थे।
समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी ने बीजेपी सरकार पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के लोकप्रिय व्यक्तित्व से सत्तादल घबराया हुआ है।उनके साथ अलोकतांत्रिक व्यवहार और उनकी राजनीतिक गतिविधियों को रोकने की कुचेष्टा संविधान विरोधी कृत्य है।इसकी जनता में व्यापक प्रतिक्रिया होना स्वाभाविक है।
समाजवादी पार्टी किसानों की पार्टी है। समाजवादी पार्टी की नीतियां हमेशा किसानों के पक्ष में रही है। वह आज भी किसानों के साथ है। किसान कड़ाके की ठंड में अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। उनके समर्थन में समाजवादी पार्टी का आवाज उठाना कहां से अनुचित है। समाजवादी पार्टी की आर्थिक नीतियां शुरू से ही खेती-किसानी पर आधारित रही है।