चित्रकार शबनम शाह की एकल प्रदर्शनी ‘श्रावण’ का शुभारंभ आज

दो तत्वों के बीच एक विराम जन्म लेता है, अपरिभाषित से दो संसारों के मध्य कुछ शेष रह जाता है। एक नया-सा अनगढ़, सफ़ेद और काला माध्यम बन अपना क़िरदार निभाते हैं। मिश्रण से हल्का फ़ीका रंग और माध्यम के विचार-गांभीर्य का संतुलन चित्र होना बताता है। चंद्र वर्ष के बारह महीनों में से पांचवा श्रावण कहलाता है।

विविध कलाओं में निपुण चंद्र शबनम शाह की चित्र यात्रा का सहभागी है। विभिन्न छटाओं के चंद्र की साक्षी शबनम उसे अपने संयोजन में नित्य नए आयामों में बरतती हैं। शबनम शाह के चित्रों में ज्यामितीय आकारों में से कई आकार रूप को प्रश्नांकित करते से दिखाई देते हैं, पर वह अपने खुशमिज़ाज स्वभाव से उन्हें सूत्र में सहज ढंग से पिरोकर अपने समानांतर ले आती हैं। वे रंग के गाम्भीर्य को अपने अन्तःकरण से समझती हैं।

रंगों के प्रति उनका दृष्टिकोण अत्यंत गंभीर और संवेदनशील है। वे इसकी ताकत और खिंचाव को अक्सर महसूस करती हैं। उस परमात्मा का शुक्रिया भी करती हैं, जिसने इतने सुंदर रंग बनाये, और उसे देखने के लिए ये जादुई आंखें बनाईं, जो एक बार झपकने पर पूरी सृष्टि अपने अंदर समा लेती है। वे अंदर तक उन रंगों की उष्णता और ठंडक से सराबोर हो जाती है।

और थोड़े जटिल को चुन आरोह-अवरोह में कहीं विराट चंद्र तो कहीं उसकी छटाओं का आवाहन कर सतह पर दृश्य रूप में प्रकट करती हैं। रेखाएं कहीं समानांतर सीधी, तो कही लचीली उकेरी सी नज़र आती हैं। काले सफ़ेद के हाशियों से एक उन्मुक्त नाद धूसर निकल कर आता है, काले और सफेद के बीच का परिपक्व अंतराल।

उर्ध्व और क्षितिज के समानांतर, चित्रों के ऎसे कई अनुपातों में सफेद सतह पर काले के पसरने की प्रकिया एक सूफ़ी माहौल में लौ लगाती है। आकारों का गढ़ना किसी उत्सव से कम नहीं होता हैं। एक मां तभी मां होती है जब उसमे सृजन का वेग हो।

आत्म- निरूपण में जादुई क्षमता और महान रचनात्मक कौशल होते हैं। शबनम निरूपित हो सृजन यात्रा में अभिभूत अपने रचना संसार में विचरण करती हैं। नवोदित कलाकारों के रचनात्मक खेमे में शबनम एक योगदानकर्ता की भूमिका निभाती हैं। वे खंडवा कला महाविद्यालय में अपनी अहम भूमिका के साथ-साथ अपने निवास के साधना कक्ष में निरंतर अभ्यासरत हैं।

चित्रकार शबनम शाह की एकल चित्रकला प्रदर्शनी शनिवार 9 जुलाई को प्रारंभ हो रही है। यह प्रदर्शनी विजय नगर में सी- 21 मॉल के सामने प्रिसेंस बिजनेस स्‍कॉय पार्क में स्‍थित ‘आर्ट पैसेज’ गैलरी में शाम 6 बजे से आयोजित हो रही है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी