पाक का झूठा दावा, भारतीय चौकियों को बर्बाद कर 5 सैनिकों को मारा....

शुक्रवार, 16 फ़रवरी 2018 (13:55 IST)
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसके सैनिकों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर ट्टा पानी सेक्टर में एक भारतीय चौकी को नष्ट कर दिया और पांच सैनिकों को मार गिराया।
 
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने गुरुवार देर रात ट्वीट करके एक वीडियो क्लिप साझा किया जिसमें कथित तौर पर भारतीय सीमा चौकी पर हमले होते हुए और घटनास्थल से धुआं उठते हुए दिख रहा है।
 
गफूर ने ट्वीट किया, 'निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने वाले ट्टा पानी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय सीमा चौकी को पाकिस्तान ने बर्बाद कर दिया। पांच जवानों को मार गिराया और कई को घायल कर दिया। निर्दोष नागरिकों के खिलाफ भारतीय आतंकवाद को कड़ाई से जवाब दिया गया।' हालांकि नई दिल्ली में भारतीय सेना के एक अधिकारी ने पाकिस्तानी सेना के दावों को निराधार बताया है।
 
इससे पहले पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा था कि भारत का अनैतिक और गैरपेशेवर रूख नियंत्रण रेखा पर नागरिकों को डरा रहा है।
 
पाकिस्तान ने गुरुवार को भारतीय उच्चायुक्त जे पी सिंह को तलब करते हुए नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना की तरफ से बिना उकसावे की गोलीबारी की निंदा की थी, जिसमें कथित रूप से स्कूली बच्चों को ले जा रहे एक बस के चालक की मौत हो गई थी।
 
पाकिस्तान ने आरोप लगाया, 'भारतीय सुरक्षा बल ने जानबुझकर बताल-माधरपुर रोड पर बच्चों के एक स्कूली बस को निशाना बनाया, जिसमें वाहन के चालक की मौत हो गई और बच्चों में खौफ फैल गया।' (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी