2 साल और 30 मैचों बाद इंतजार खत्म, अर्जुन तेंदुलकर ने किया IPL डेब्यू, की गेंदबाजी में ओपनिंग

Webdunia
रविवार, 16 अप्रैल 2023 (15:40 IST)
अर्जुन तेंदुलकर साल 2021 से मुंबई की डगआउट में बैठे थे। लेकिन आज जाकर उनका 2 साल और 30 मैचों का इंतजार खत्म हुआ। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले में मुंबई इंडियन्स के लिये पदार्पण किया। मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा ने उनको आईपीएल कैप भेंट की हालांकि वह आज का मैच नहीं खेल रहे। कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी बुरे फॉर्म से गुजर रहे सूर्यकुमार यादव कर रहे हैं।

मुंबई ने अर्जुन को सबसे पहले 2021 में फ्रेंचाइजी में शामिल किया था। वह अपने घरेलू करियर में नौ टी20 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 6.60 की इकॉनमी से गेंदबाजी करते हुए 12 विकेट चटकाये हैं।

साल 2013 में सचिन तेंदुलकर ने मुंबई इंडिन्स से अपना आखिरी मैच खेला था और आज 10 साल बाद 2023 में उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल में पहला मैच खेलने का मौका मिला है।इसके अलावा तेंदुलकर परिवार के लिए खुशी की बात यह है कि वह गेंदबाजी की ओपनिंग भी करेंगे जैसे सचिन बल्लेबाजी की ओपनिंग किया करते थे।ट्विटर पर अर्जुन तेंदुलकर को बधाई देने का तांता भी लग गया।

क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 की नीलामी में  30 लाख रुपये में खरीदा था। मुंबई ने अर्जुन के लिए 20 लाख के बेस प्राइस पर पहले बोली लगाई थी। गुजरात टाइटंस ने भी हाथ आजमाया लेकिन अर्जुन के लिए आखिरी बोली मुंबई की ही रही थी।अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल 2021 की नीलामी में मुंबई इंडियन्स ने 20 लाख के बेस प्राइस पर खरीदा था।

IPL 2021 में बिना 1 मैच खेले हो गए थे बाहर

अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल 2021 की नीलामी में मुंबई इंडियन्स ने 20 लाख के बेस प्राइस पर खरीदा था।नीलामी के ठीक अंत में अर्जुन तेंदुलकर के नाम की घोषणा हुई और मुंबई की टेबल पर बैठे जहीर खान ने उनको टीम में लेने के लिए बोली लगाई। किसी दूसरे फ्रैंचाइजी के बोली न लगाने पर अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियन्स ने 20 लाख में खरीद लिया था। मुंबई इंडियन्स ने युवा तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर के चोटिल होने के कारण उनके स्थान पर सिमरजीत सिंह को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाकी बचे मैचों के लिये अपनी टीम में शामिल किया था।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख